Bhagalpur News : जगदीशपुर प्रखंड की बैजानी पंचायत स्थित पोखर के समीप हनुमान मंदिर में मंगलवार, 27 अक्टूबर को कार्तिक प्रतिपदा के अवसर पर श्री श्री 1008 अखंड रामचरितमानस पाठ का शुभारंभ किया गया. ग्रामीण श्रद्धालुओं की ओर से आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान से क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना हुआ है. पाठ का समापन 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर होगा.
इसे भी पढ़ें-2029 तक नशामुक्त बिहार का लक्ष्य, सबौर हाई स्कूल में विद्यार्थियों ने ली शपथ
2002 से चली आ रही है अखंड पाठ की परंपरा
ग्रामीण श्रद्धालुओं ने बताया कि बैजानी पंचायत के हनुमान मंदिर में अखंड रामचरितमानस पाठ की परंपरा वर्ष 2002 से लगातार चली आ रही है. हर साल कार्तिक मास में आयोजित होने वाले इस अनुष्ठान में अलग-अलग संकल्पकर्ताओं के सहयोग से 24 घंटे अखंड रामचरितमानस पाठ किया जाता है. इस आयोजन के जरिए ग्रामीणों में धार्मिक आस्था, आपसी सद्भाव और सामाजिक एकता को बढ़ावा मिलता है.
संतोष कुमार झा मुख्य आचार्य, गोपाल तिवारी को पाठ की जिम्मेदारी
इस वर्ष अनुष्ठान के सफल संचालन के लिए संतोष कुमार झा को मुख्य आचार्य और गोपाल तिवारी को मुख्य पाठक की जिम्मेदारी सौंपी गई है. आयोजन में स्थानीय ग्रामीणों और श्रद्धालुओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है. श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ रामचरितमानस पाठ में शामिल हो रहे हैं.
इसे भी पढ़ें-अगुवानी-सुल्तानगंज पुल निर्माण में तेजी लाने का निर्देश, पुल निगम के चेयरमैन ने किया स्थल निरीक्षण
श्रद्धालुओं के लिए भोजन और विश्राम की व्यवस्था
अनुष्ठान को व्यवस्थित और भव्य बनाने के लिए आयोजन समिति की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं. श्रद्धालुओं के लिए भोजन, पेयजल और विश्राम की व्यवस्था की गई है. मंदिर परिसर की साफ-सफाई के साथ रोशनी, ध्वनि व्यवस्था और सुरक्षा के इंतजाम भी किए गए हैं. समिति के सदस्य श्रद्धालुओं की सुविधाओं और आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रख रहे हैं.
आयोजकों ने क्षेत्र के साथ-साथ दूरदराज के श्रद्धालुओं से भी समय पर पहुंचकर अखंड रामचरितमानस पाठ में शामिल होने और पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है.












