Bhagalpur Street Light Project : शहर के नये इलाकों और अंधेरे वाले स्थानों को रोशन करने की नगर निगम की योजना त्योहारों के बीच ही पिछड़ गई है. 5068 नये पोलों पर एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन दीपावली तक इनमें से महज 1200 पोलों पर ही लाइट लगाई जा सकी. ऐसे में दुर्गापूजा और दीपावली के बाद अब काली पूजा और छठ पर भी शहर को पूरी तरह रोशन करने की उम्मीद कमजोर पड़ गई है.
इसे भी पढ़ें-दो साल सेवा विस्तार पर भागलपुर के युवाओं ने जताई खुशी, अब 7 से 10 साल करने की मांग
नगर निगम प्रशासन ने पहले दुर्गापूजा से पहले सभी नये स्थानों पर स्ट्रीट लाइट लगाने का दावा किया था. निर्धारित समय सीमा बीतने के बाद दीपावली तक काम पूरा करने का नया लक्ष्य तय किया गया, लेकिन इस बार भी योजना पूरी नहीं हो सकी. 5068 पोलों में से करीब 3868 पर अब भी स्ट्रीट लाइट लगना बाकी है. इससे स्पष्ट है कि काम की रफ्तार तय समय सीमा के अनुरूप नहीं रही.
काली पूजा से पहले भी पूरा नहीं हो सकेगा काम
दीपावली तक स्ट्रीट लाइट लगाने का लक्ष्य पूरा नहीं होने के बाद अब काली पूजा पर भी शहर के सभी नये स्थानों को रोशन करना मुश्किल दिख रहा है. शेष काम दो-तीन दिनों में पूरा होना संभव नहीं है. इसके बाद महापर्व छठ भी है, लेकिन मौजूदा प्रगति को देखते हुए तब तक भी पूरे शहर में नये पोलों पर लाइट लगाने का काम पूरा होने की उम्मीद नहीं है. जिन स्थानों पर स्ट्रीट लाइट लगाने की योजना बनाई गई थी, वहां अब भी अंधेरा बना हुआ है.
हर वार्ड में जरूरत के हिसाब से लगाई जा रही लाइट
नगर निगम की रोशनी शाखा अब एक महीने के भीतर सभी नये स्थानों पर स्ट्रीट लाइट लगाने का दावा कर रही है. फिलहाल प्रत्येक वार्ड में 20 से 25 और कुछ वार्डों में 15 लाइट लगाई जा रही हैं. रोशनी शाखा के अनुसार, यह काम जरूरत के आधार पर किया जा रहा है. पार्षदों की ओर से चिह्नित स्थानों पर भी स्ट्रीट लाइट लगाई जा रही हैं.
इसे भी पढ़ें-गीदड़ को बचाने में पलटा टोटो, चालक समेत चार घायल; ड्राइवर की हालत नाजुक
एक महीने में शेष काम पूरा करने का दावा
रोशनी शाखा प्रभारी जय प्रकाश यादव ने बताया कि अब तक करीब 1200 स्ट्रीट लाइट लगाने का काम पूरा हुआ है. शेष काम एक महीने में पूरा कर लिया जाएगा. फिलहाल आवश्यकता के अनुसार प्रत्येक वार्ड में कुछ न कुछ लाइट लगाई जा रही हैं.



