अब ऐसे नहीं खेला जाएगा विश्व कप, ICC ने बदल दिया पूरा फॉर्मेट; जानिए कैसे तय होगा चैंपियन

ICC World Cup Format: अगर आप अगले वनडे और टी20 विश्व कप को पुराने फॉर्मेट के हिसाब से समझ रहे हैं तो अब वह भूल जाइए. इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने दोनों विश्व कप के प्रारूप में बड़े बदलाव को मंजूरी दे दी है. अब टूर्नामेंट में हर दौर का समीकरण अलग होगा. कहीं सुपर-7 की चुनौती होगी तो कहीं सुपर-10 के बाद एलिमिनेटर का रोमांच देखने को मिलेगा. ICC का मानना है कि नए फॉर्मेट से हर मैच का महत्व बढ़ेगा और छोटी टीमों को भी आगे बढ़ने का बेहतर मौका मिलेगा.

यह फैसला स्कॉटलैंड के एडिनबर्ग में आयोजित ICC की वार्षिक कॉन्फ्रेंस में लिया गया. चीफ एग्जीक्यूटिव्स कमेटी (CEC) की सिफारिशों पर बोर्ड ने नए प्रारूप को मंजूरी दी. साथ ही 2028 टी20 विश्व कप के लिए क्वालिफिकेशन सिस्टम भी तय कर दिया गया.

ब्राजील के स्टार फुटबॉलर नेमार ने किया संन्यास का ऐलान, अधूरा रह गया सबसे बड़ा सपना

वनडे विश्व कप में अब तीन चरणों में होगी खिताब की जंग

14 टीमों वाला वनडे विश्व कप अब पहले की तरह सीधे ग्रुप मुकाबलों से शुरू नहीं होगा. नए प्रारूप में सबसे पहले रैंकिंग में 12वें, 13वें और 14वें स्थान पर रहने वाली टीमें ‘सुपर सीरीज’ खेलेंगी. इस चरण से केवल एक टीम अगले दौर का टिकट हासिल करेगी.

अब ऐसे नहीं खेला जाएगा विश्व कप, ICC ने बदल दिया पूरा फॉर्मेट; जानिए कैसे तय होगा चैंपियन ICC World Cup Format
ICC World Cup Format

इसके बाद कुल 12 टीमें छह-छह के दो ग्रुप में बंटेंगी. दोनों ग्रुप की टीमें राउंड-रॉबिन आधार पर मुकाबले खेलेंगी. यहां से दोनों ग्रुप की शीर्ष तीन-तीन टीमें और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों में बेहतर प्रदर्शन करने वाली एक टीम मिलाकर सात टीमें अगले चरण में पहुंचेंगी.

‘सुपर-7’ तय करेगा सेमीफाइनलिस्ट

टूर्नामेंट का सबसे अहम दौर सुपर-7 होगा. इस चरण में सातों टीमें एक-दूसरे के खिलाफ मैच खेलेंगी. अंकतालिका में शीर्ष चार स्थान हासिल करने वाली टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी. इसके बाद दोनों सेमीफाइनल के विजेता फाइनल में भिड़ेंगे और विश्व चैंपियन का फैसला होगा.

टी20 विश्व कप में बढ़ा रोमांच, अब होगा ‘सुपर-10’

ICC ने टी20 विश्व कप के प्रारूप में भी बड़ा बदलाव किया है. 2026 संस्करण में एसोसिएट देशों के बेहतर प्रदर्शन को देखते हुए दूसरे चरण में टीमों की संख्या आठ से बढ़ाकर 10 कर दी गई है.

फ्रांस ने पैराग्वे को 1-0 से हराया, म्बाप्पे के पेनाल्टी गोल से क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह

अब शुरुआती दौर में 20 टीमों को चार-चार टीमों के पांच ग्रुप में रखा जाएगा. हर ग्रुप से शीर्ष दो टीमें अगले चरण में पहुंचेंगी. इसके बाद 10 टीमें पांच-पांच के दो ग्रुप में बंटकर ‘सुपर-10’ चरण खेलेंगी.

एलिमिनेटर से मिलेगा सेमीफाइनल का टिकट

नए फॉर्मेट का सबसे बड़ा बदलाव एलिमिनेटर मुकाबलों के रूप में सामने आया है. सुपर-10 के दोनों ग्रुप में पहले स्थान पर रहने वाली टीमें सीधे सेमीफाइनल में पहुंच जाएंगी.

वहीं दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमें क्रॉस-ओवर एलिमिनेटर खेलेंगी. यानी एक ग्रुप की दूसरे स्थान वाली टीम दूसरे ग्रुप की तीसरे स्थान वाली टीम से भिड़ेगी और दूसरे मुकाबले में इसका उल्टा होगा. इन दोनों मैचों के विजेता बाकी दो सेमीफाइनल स्थान हासिल करेंगे. इससे सुपर-10 के आखिरी लीग मुकाबलों तक रोमांच बना रहेगा और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम भी खिताब की दौड़ से बाहर नहीं होगी.

2028 टी20 विश्व कप का रास्ता भी तय

ICC बोर्ड ने 2028 टी20 विश्व कप के लिए क्वालिफिकेशन प्रक्रिया को भी मंजूरी दे दी है. 2026 विश्व कप में सीधे जगह नहीं बना पाने वाली टीमें ग्लोबल क्वालिफायर खेलेंगी.

इस क्वालिफायर में क्षेत्रीय प्रतियोगिताओं से आने वाली आठ टीमें भी शामिल होंगी. अफ्रीका, एशिया और यूरोप से दो-दो टीमें, जबकि अमेरिका और ईस्ट एशिया-प्रशांत क्षेत्र से एक-एक टीम इसमें जगह बनाएगी.

ग्लोबल क्वालिफायर के बाद प्रत्येक क्षेत्र की सर्वश्रेष्ठ टीम विश्व कप का टिकट हासिल करेगी. इसके अलावा सभी टीमों में प्रदर्शन के आधार पर अगली तीन सर्वश्रेष्ठ टीमों को भी 2028 टी20 विश्व कप में खेलने का मौका मिलेगा.

ICC का मानना है कि नए प्रारूप से टूर्नामेंट में हर मुकाबले की अहमियत बढ़ेगी, प्रतिस्पर्धा और कड़ी होगी तथा उभरती हुई टीमों को दुनिया की मजबूत टीमों के खिलाफ अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच मिलेगा.

इसे भी पढ़ें-

हार्दिक पंड्या को मिल सकता है आराम, जानिए BCCI का प्लान
टीम इंडिया को बड़ा झटका, अफगानिस्तान वनडे सीरीज से बाहर हुए विराट कोहली

एयरपोर्ट से AI सेंटर तक बिहार कैबिनेट की 25 बड़ी सौगातें, जानिए किस फैसले से किसे होगा फायदा

Bihar Cabinet: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई बिहार कैबिनेट की बैठक में आम लोगों से जुड़े कई अहम फैसलों पर मुहर लगी. बैठक में कुल 25 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई. इनमें भागलपुर में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के लिए 1329 करोड़ रुपये से अधिक की स्वीकृति, छात्राओं की सुरक्षा के लिए 1500 ‘पुलिस दीदी’ स्कूटर, पंचायतों को नए अधिकार, सरकारी स्कूलों के आधुनिकीकरण और राज्य में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना जैसे महत्वपूर्ण निर्णय शामिल हैं.

भागलपुर एयरपोर्ट के लिए 1329 करोड़ मंजूर

कैबिनेट ने भागलपुर में बनने वाले ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट को ‘अजगैबीनाथ धाम ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा’ नाम देने की मंजूरी दे दी. एयरपोर्ट के लिए 3145 एकड़ से अधिक जमीन अधिग्रहित की जाएगी, जिस पर 1329 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च होंगे.

बिहार में बदल जाएंगी पंचायतों की सीमाएं, नए परिसीमन के आधार पर होगा चुनाव; कैबिनेट की मंजूरी

इसके अलावा राजगीर, रोहतास और कैमूर में प्रस्तावित ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के लिए भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) के साथ विस्तृत अध्ययन (फिजिबिलिटी स्टडी) कराने का फैसला भी लिया गया. वहीं बिहार उड्डयन संस्थान में प्रशिक्षण ले रहे पायलटों के लिए एक प्रशिक्षण विमान पट्टे पर लेने की स्वीकृति दी गई, जिस पर प्रतिवर्ष 78 लाख रुपये खर्च होंगे.

Bihar Cabinet: छात्राओं की सुरक्षा के लिए सड़क पर उतरेंगी ‘पुलिस दीदी’

शहरी क्षेत्रों में स्कूल, कॉलेज और कोचिंग जाने वाली छात्राओं की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए सरकार 1500 स्कूटर खरीदेगी. इनमें 500 इलेक्ट्रिक स्कूटर भी शामिल होंगे. इनका इस्तेमाल महिला पुलिसकर्मी यानी ‘पुलिस दीदी’ गश्ती के लिए करेंगी. इसके साथ ही पुलिस बल के लिए 3200 नई मोटरसाइकिलें भी खरीदी जाएंगी.

भागलपुर पहुंचे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, गोराडीह से बिहार को दी उच्च शिक्षा की बड़ी सौगात

जेल सुरक्षा कर्मियों का वेतन बढ़ा

कैबिनेट ने जेलों में तैनात भूतपूर्व सैनिकों के मासिक मानदेय को 19,800 रुपये से बढ़ाकर 30,000 रुपये कर दिया है. साथ ही जेल में किसी बंदी की प्राकृतिक या आकस्मिक मृत्यु की स्थिति में उसके आश्रितों को मुआवजा देने के लिए नई नीति को भी मंजूरी दी गई. एसटीएफ के सेवानिवृत्त अधिकारी रामाकांत प्रसाद का कार्यकाल भी एक वर्ष के लिए बढ़ा दिया गया.

पुनौरा धाम और पर्यटन परियोजनाओं को बढ़ावा

धार्मिक पर्यटन को गति देने के लिए सीतामढ़ी स्थित माता सीता की जन्मस्थली पुनौरा धाम के विकास की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. करीब 942 करोड़ रुपये की परियोजना के लिए न्यास समिति को लगभग 50 एकड़ सरकारी भूमि नि:शुल्क हस्तांतरित की जाएगी.

कैमूर के मां मुंडेश्वरी भवानी मंदिर की धर्मशाला का संचालन मंदिर न्यास समिति को सौंपने का निर्णय भी लिया गया. वहीं राजगीर और मंदार पर्वत जैसे पर्यटन स्थलों पर रोपवे सेवाओं के विस्तार के लिए बिहार स्टेट रोपवेज कंपनी लिमिटेड के गठन को मंजूरी दी गई.

सरकारी स्कूलों को मिलेगा आधुनिक स्वरूप

राज्य के चयनित माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों को आदर्श विद्यालय के रूप में विकसित किया जाएगा. यहां स्मार्ट क्लास, आधुनिक प्रयोगशालाएं और कमजोर विद्यार्थियों के लिए विशेष शैक्षणिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी.

पंचायतों को मिले नए अधिकार

ग्रामीण स्वशासन को मजबूत करने के उद्देश्य से पंचायत राज अधिनियम में संशोधन को मंजूरी दी गई. अब ग्राम पंचायतें स्थानीय स्तर पर कुछ कर और शुल्क निर्धारित कर सकेंगी. साथ ही 2011 की जनगणना के आधार पर पंचायत, वार्ड और जिला परिषद क्षेत्रों का नया परिसीमन भी कराया जाएगा.

बिहार में बनेगा AI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस

तकनीकी क्षेत्र में राज्य को आगे बढ़ाने के लिए बिहार में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किया जाएगा. सरकार का मानना है कि इससे एआई आधारित शोध, नवाचार और कौशल विकास को बढ़ावा मिलेगा.

बिहार में 534 करोड़ की मंजूरी से बदलेगी कांवरिया पथ की तस्वीर, यहां बनेगा फोरलेन

वाहन कर और खनन नियमों में बदलाव

कैबिनेट ने वाहन कर में भी संशोधन किया है. अब दोपहिया वाहनों पर 1 प्रतिशत अतिरिक्त एकमुश्त कर देना होगा, जबकि ऑटो रिक्शा सहित कुछ अन्य वाहनों के कर में भी बदलाव किया गया है.

इसके अलावा पत्थरों की सरकारी ई-नीलामी प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए खनिज नियमावली में संशोधन को मंजूरी दी गई. वहीं पश्चिम चंपारण की थारू जनजाति के विकास के लिए संचालित विशेष योजना की अवधि वर्ष 2030-31 तक बढ़ा दी गई.

इसे भी पढ़ें-जमुनिया नाला पर आकार ले रहा 11 करोड़ का पुल, 40 हजार ग्रामीणों को मिलेगी राहत

बिहार में बदल जाएंगी पंचायतों की सीमाएं, नए परिसीमन के आधार पर होगा चुनाव; कैबिनेट की मंजूरी

Bihar Panchayat Chunav : बिहार के गांवों में अगले पंचायत चुनाव से पहले बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा. कई पंचायतों की सीमाएं बदलेंगी, कुछ वार्ड नए बनेंगे तो कहीं पंचायत समिति और जिला परिषद क्षेत्रों का स्वरूप भी बदलेगा. राज्य सरकार ने 2026 में होने वाले पंचायत चुनाव नए परिसीमन के आधार पर कराने का फैसला लिया है. बुधवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई.

सरकार ने स्पष्ट किया है कि परिसीमन का पूरा काम 2011 की जनगणना के आधार पर होगा. यानी जिस इलाके की आबादी बढ़ी है, वहां प्रतिनिधित्व भी उसी हिसाब से तय किया जाएगा. प्रशासनिक इकाइयों की नई सीमाएं तय होने के बाद ही पंचायत चुनाव की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी.

भागलपुर पहुंचे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, गोराडीह से बिहार को दी उच्च शिक्षा की बड़ी सौगात

आबादी के हिसाब से तय होगा प्रतिनिधित्व

कैबिनेट के फैसले के बाद ग्राम पंचायत, वार्ड, पंचायत समिति और जिला परिषद क्षेत्रों का नए सिरे से निर्धारण किया जाएगा. जहां जनसंख्या में बड़ा बदलाव आया है, वहां सीमाओं का पुनर्गठन होगा. सरकार का दावा है कि इससे प्रत्येक क्षेत्र को जनसंख्या के अनुरूप प्रतिनिधित्व मिलेगा और योजनाओं के क्रियान्वयन में संतुलन आएगा.

कई इलाकों में बन सकते हैं नए वार्ड

परिसीमन के दौरान आवश्यकता के अनुसार नए वार्ड बनाए जा सकते हैं. वहीं कुछ पंचायतों और जिला परिषद क्षेत्रों की सीमाओं में भी बदलाव संभव है. सरकार का कहना है कि इस प्रक्रिया में भौगोलिक स्थिति और सामाजिक संतुलन का भी ध्यान रखा जाएगा, ताकि किसी क्षेत्र के साथ असमानता न हो.

विकास योजनाओं के क्रियान्वयन पर रहेगा फोकस

सरकार के अनुसार नए परिसीमन का उद्देश्य सिर्फ चुनाव कराना नहीं, बल्कि पंचायत व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना है. जनसंख्या के अनुपात में प्रतिनिधित्व मिलने से विकास योजनाओं का लाभ जरूरतमंद क्षेत्रों तक बेहतर तरीके से पहुंच सकेगा और स्थानीय प्रशासन भी अधिक व्यवस्थित होगा.


बिहार में 534 करोड़ की मंजूरी से बदलेगी कांवरिया पथ की तस्वीर, यहां बनेगा फोरलेन

कैबिनेट में 25 प्रस्तावों को मिली मंजूरी

बुधवार को हुई कैबिनेट बैठक में कुल 25 प्रस्तावों पर मुहर लगी. पंचायत चुनाव से जुड़ा निर्णय सबसे अहम रहा. इसके अलावा भागलपुर के प्रस्तावित ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट का नाम ‘अजगैबीनाथ धाम ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा’ रखने को मंजूरी दी गई. साथ ही राजगीर, रोहतास और कैमूर में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट निर्माण के लिए भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) और बिहार सरकार के बीच समझौते को भी स्वीकृति दी गई.

दोपहिया और तीनपहिया वाहनों पर बढ़ेगा टैक्स

कैबिनेट ने वाहन कर में संशोधन को भी मंजूरी दी है. अब दोपहिया और तीनपहिया वाहनों पर एक प्रतिशत अतिरिक्त कर देना होगा. वहीं एकमुश्त कर जमा करने वाले वाहन मालिकों को मौजूदा व्यवस्था की तुलना में 1000 रुपये अधिक चुकाने होंगे.

इसे भी पढ़ें-जमुनिया नाला पर आकार ले रहा 11 करोड़ का पुल, 40 हजार ग्रामीणों को मिलेगी राहत

झारखंड के इस जिले में मलेरिया का कहर, अब तक 9 लोगों ने गंवाई जान, मिले 83 नए मरीज

East Singhbhum Malaria : पूर्वी सिंहभूम में मलेरिया का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है. गालूडीह थाना क्षेत्र की 14 वर्षीय छात्रा की मलेरिया से मौत के बाद जिले में इस बीमारी से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है. वहीं मंगलवार को हुई जांच में 83 नए संक्रमित मिले हैं. लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी अभियान तेज कर दिया है. दूसरी ओर ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए 10 डॉक्टर समेत 27 स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शोकॉज जारी किया गया है.

मलेरिया से 14 वर्षीय किरण हांसदा की मौत

गालूडीह थाना क्षेत्र की हेंदलजुड़ी पंचायत के केंदडांगा टोला निवासी 14 वर्षीय किरण हांसदा की मलेरिया से मौत हो गई. वह राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय, काकड़ीशोल में कक्षा आठवीं की छात्रा थी. स्वास्थ्य सहिया शुरुवाली मुर्मू ने बताया कि किरण धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र के जगन्नाथपुर गांव में अपने रिश्तेदार के यहां रह रही थी. रविवार को परिजन उसे केंदडांगा लेकर आए थे.

रांची में 16 से 25 जुलाई तक बदलेगी ट्रैफिक व्यवस्था, कई मार्गों पर नो-एंट्री और रूट डायवर्जन

East Singhbhum Malaria : इलाज के दौरान झाड़ग्राम मेडिकल कॉलेज में तोड़ा दम

किरण के पिता काड़ो हांसदा ने बताया कि तबीयत बिगड़ने पर सोमवार को उसे घाटशिला स्थित स्वर्णरेखा नर्सिंग होम ले जाया गया. वहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे रेफर कर दिया. इसके बाद परिजन पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल पहुंचे, जहां सोमवार रात करीब आठ बजे उसकी मौत हो गई. अस्पताल के दस्तावेज में मृत्यु का कारण मलेरिया सेप्सिस दर्ज किया गया है.

जिले में अब तक 9 मौतें, मंगलवार को मिले 83 नए मरीज

मलेरिया उन्मूलन अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग लगातार सर्विलांस, जांच, इलाज और वेक्टर नियंत्रण अभियान चला रहा है. मंगलवार को जिले में 11,362 लोगों की जांच की गई, जिसमें 83 लोग मलेरिया पॉजिटिव पाए गए. इसके साथ ही 29 जून से 14 जुलाई 2026 तक कुल 1,30,380 लोगों की जांच में 2,072 संक्रमित मिले हैं. जिले में अब तक मलेरिया से नौ लोगों की मौत हो चुकी है.

डुमरिया और पोटका में सबसे अधिक मिले मरीज

मंगलवार को सबसे अधिक 22-22 नए मरीज डुमरिया और पोटका प्रखंड में मिले. इसके अलावा घाटशिला में 10, मुसाबनी में 9, धालभूमगढ़ में 7, सदर अस्पताल में 7 और पटमदा में 6 नए संक्रमितों की पुष्टि हुई. एमजीएम अस्पताल में फिलहाल मलेरिया के आठ मरीज भर्ती हैं, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है.

 बच्ची से दुष्कर्म के बाद पंचायत का फैसला, आरोपी पर 1 लाख का जुर्माना; 20 हजार से दावत

10 डॉक्टर समेत 27 स्वास्थ्यकर्मियों पर कार्रवाई

मलेरिया और डेंगू नियंत्रण अभियान के बीच स्वास्थ्य केंद्रों से डॉक्टरों और कर्मचारियों के अनुपस्थित रहने की शिकायत मिलने पर मंगलवार को सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल के निर्देश पर औचक निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान मदर टेरेसा एडवांस हेल्थ क्लीनिक, शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर तथा लक्ष्मीनगर और मानगो के शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में कई कर्मचारी ड्यूटी से नदारद मिले.

इसके बाद 10 डॉक्टर, चार एएनएम, तीन लैब टेक्नीशियन, एक फार्मासिस्ट, एक जीएनएम, तीन सहायक कर्मचारी, एक होमगार्ड, दो एमपीडब्ल्यू और दो गार्ड समेत कुल 27 कर्मचारियों को शोकॉज नोटिस जारी करते हुए एक दिन का वेतन रोकने का आदेश दिया गया. सभी से 24 घंटे के भीतर जवाब मांगा गया है. संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर सेवा समाप्ति की अनुशंसा की जाएगी.

लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई : सिविल सर्जन

सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने कहा कि मलेरिया और डेंगू जैसी गंभीर बीमारियों के दौरान स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों और कर्मचारियों की अनुपस्थिति किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी. उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मलेरिया के फैलाव के पीछे स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही भी एक बड़ा कारण है. ऐसे मामलों में जिम्मेदार कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

इसे भी पढ़ें-

रोहितश्य रॉय बने झारखंड के नए महाधिवक्ता, सरकार ने जारी किया नोटिफिकेशन
झारखंड में राशन लाभुकों के लिए खुशखबरी, बैकलॉग खत्म कर एकमुश्त वितरण की तैयारी

भागलपुर पहुंचे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, गोराडीह से बिहार को दी उच्च शिक्षा की बड़ी सौगात

CM Samrat Choudhary Bhagalpur Visit : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बुधवार को भागलपुर पहुंचे. सुबह 11.13 बजे उनका हेलीकॉप्टर गोराडीह स्थित निर्धारित हेलिपैड पर उतरा. मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन पहले से ही अलर्ट मोड में था और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे.

हेलिपैड पर हुआ स्वागत

गोराडीह पहुंचने पर मुख्यमंत्री का जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों और एनडीए नेताओं ने स्वागत किया. हेलिपैड पर कुछ देर औपचारिक मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री निर्धारित कार्यक्रम के लिए रवाना हो गए.

बिहार में 534 करोड़ की मंजूरी से बदलेगी कांवरिया पथ की तस्वीर, यहां बनेगा फोरलेन

सीधे उद्घाटन समारोह स्थल पहुंचे

स्वागत कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री सीधे नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालय के उद्घाटन समारोह स्थल पहुंचे. वहां उन्होंने कॉलेज का उद्घाटन किया और कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों तथा अन्य अतिथियों के साथ समारोह में भाग लिया.

उच्च शिक्षा से जुड़े कार्यक्रमों में भी लिया हिस्सा

मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान केवल गोराडीह स्थित डिग्री कॉलेज का उद्घाटन ही नहीं, बल्कि राज्य के अन्य नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालयों से जुड़े कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया. इस दौरान उच्च शिक्षा के विस्तार से संबंधित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं.

आज भागलपुर पहुंचेंगे CM सम्राट चौधरी, डिग्री कॉलेजों में पढ़ाई का करेंगे शुभारंभ

सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम

मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए कार्यक्रम स्थल और आसपास के पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे. पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी सुबह से ही मोर्चा संभाले हुए थे. हेलिपैड से लेकर कार्यक्रम स्थल तक सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष नजर रखी गई, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके.

इसे भी पढ़ें-जमुनिया नाला पर आकार ले रहा 11 करोड़ का पुल, 40 हजार ग्रामीणों को मिलेगी राहत

बिहार में 534 करोड़ की मंजूरी से बदलेगी कांवरिया पथ की तस्वीर, यहां बनेगा फोरलेन

Bihar New Four Lane: सुलतानगंज से बिहार-झारखंड सीमा तक की सड़क अब फोरलेन होगी. राज्य सरकार ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए 534 करोड़ 53 लाख 59 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दे दी है. करीब 40 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण का कार्य बिहार स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीएसआरडीसीएल) के माध्यम से कराया जाएगा. अधिकारियों के अनुसार जल्द ही टेंडर जारी कर निर्माण प्रक्रिया शुरू की जाएगी.

स्टेट हाईवे-22 के 40 किमी हिस्से का होगा चौड़ीकरण

परियोजना के तहत स्टेट हाईवे-22 पर सुलतानगंज से बिहार-झारखंड सीमा स्थित दर्दमारा तक किमी-0 से किमी-40 तक सड़क का चौड़ीकरण और मजबूतीकरण किया जाएगा. यह योजना सरकार की प्रगति यात्रा के दौरान घोषित महत्वपूर्ण परियोजनाओं में शामिल थी. प्रशासनिक और तकनीकी स्वीकृति मिलने के बाद अब इसके निर्माण की दिशा में प्रक्रिया तेज हो गई है.

आज भागलपुर पहुंचेंगे CM सम्राट चौधरी, डिग्री कॉलेजों में पढ़ाई का करेंगे शुभारंभ
बिहार में 534 करोड़ की मंजूरी से बदलेगी कांवरिया पथ की तस्वीर, यहां बनेगा फोरलेन Sultanganj Four Lane Road

जल्द जारी होगी निविदा

बीएसआरडीसीएल के अधिकारियों ने बताया कि परियोजना को प्रशासनिक और तकनीकी दोनों तरह की मंजूरी मिल चुकी है. अब अगले कुछ दिनों में निविदा जारी की जाएगी. टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण एजेंसी का चयन कर कार्य शुरू कराया जाएगा.

श्रावणी मेला में कांवरियों को मिलेगी बड़ी सुविधा

सुलतानगंज से देवघर जाने वाला यह मार्ग श्रावणी मेला के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख रास्ता है. फोरलेन बनने के बाद कांवरियों की आवाजाही पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित और सुगम होगी. इसके साथ ही भीड़भाड़ और जाम की समस्या में भी काफी हद तक कमी आने की उम्मीद है.

एक क्लिक पड़ा भारी, नर्स के खाते से 98 हजार रुपये साफ

स्थानीय यातायात और व्यापार को मिलेगा लाभ

इस परियोजना का लाभ सिर्फ श्रावणी मेला तक सीमित नहीं रहेगा. सड़क चौड़ी होने से भारी वाहनों और स्थानीय यातायात का संचालन भी आसान होगा. इससे क्षेत्र में परिवहन व्यवस्था बेहतर होगी और लोगों का सफर अधिक सुविधाजनक बनेगा.

इन क्षेत्रों की कनेक्टिविटी होगी मजबूत

फोरलेन सड़क बनने से सुलतानगंज, तारापुर, संग्रामपुर, बेलहर, कटोरिया, चांदन और दर्दमारा समेत मार्ग से जुड़े कई इलाकों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी. बेहतर सड़क नेटवर्क से व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी, आवागमन आसान होगा और क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी नया बल मिलने की उम्मीद है.

इसे भी पढ़ें-जमुनिया नाला पर आकार ले रहा 11 करोड़ का पुल, 40 हजार ग्रामीणों को मिलेगी राहत

राशिफल 15 जुलाई : मेष से मीन तक कैसा रहेगा बुधवार, जानें सभी 12 राशियों का आज का राशिफल

Aaj Ka Rashifal 15 July 2026: 15 जुलाई, बुधवार का दिन सभी 12 राशियों के लिए अलग-अलग संकेत लेकर आया है. किसी के लिए करियर में तरक्की के योग बन रहे हैं तो किसी को आर्थिक मामलों में सोच-समझकर कदम उठाने की सलाह दी गई है. वहीं परिवार, शिक्षा और सामाजिक जीवन से जुड़े मामलों में भी कई राशियों के लिए दिन अनुकूल रहने वाला है.

पढ़िए मेष से मीन तक आज का राशिफल.

मेष राशि: मेहनत का मिलेगा सकारात्मक परिणाम

मेष राशि के लिए आज का दिन मेहनत का फल देने वाला साबित हो सकता है. लंबे समय से किए जा रहे प्रयासों का सकारात्मक परिणाम मिलने के संकेत हैं. कार्यक्षेत्र में नई जिम्मेदारियां मिल सकती हैं, जिन्हें आप अपनी क्षमता से सफलतापूर्वक निभा पाएंगे.

शुभ अंक: 3
शुभ रंग: गेरुआ

वृषभ राशि: आर्थिक मामलों में मिल सकती है अच्छी खबर

वृषभ राशि के जातकों के लिए आज आर्थिक दृष्टि से दिन अनुकूल रहने की संभावना है. निवेश और बचत से जुड़ी योजनाओं से लाभ मिल सकता है. धन संबंधी मामलों में लिए गए फैसले भविष्य में भी फायदेमंद साबित हो सकते हैं.

शुभ अंक: 8
शुभ रंग: चंदन

मिथुन राशि: संवाद क्षमता दिलाएगी नई सफलता

मिथुन राशि के लिए आज आपकी संवाद क्षमता सबसे बड़ी ताकत बन सकती है. शिक्षा, मीडिया और तकनीकी क्षेत्र से जुड़े लोगों को नए अवसर मिलने के संकेत हैं. प्रभावी बातचीत और संपर्कों का लाभ कार्यक्षेत्र में मिल सकता है.

शुभ अंक: 5
शुभ रंग: पुदीना हरा

कर्क राशि: पारिवारिक जीवन रहेगा प्राथमिकता में

कर्क राशि के लिए आज परिवार और घरेलू जीवन सबसे अहम रहेगा. किसी पुराने विवाद का समाधान निकल सकता है, जिससे मानसिक शांति मिलेगी. घर का वातावरण पहले की अपेक्षा अधिक सकारात्मक रहने की संभावना है.

शुभ अंक: 2
शुभ रंग: मोती सफेद

Aaj Ka Rashifal 15 July 2026: सिंह राशि: व्यक्तित्व से बढ़ेगा प्रभाव

सिंह राशि के लोगों का व्यक्तित्व और नेतृत्व क्षमता आज लोगों को प्रभावित कर सकती है. सामाजिक प्रतिष्ठा में वृद्धि के योग बन रहे हैं. आपके कार्यों की सराहना भी हो सकती है.

शुभ अंक: 1
शुभ रंग: कांसा का रंग

कन्या राशि: योजनाबद्ध कार्यों में मिलेगी सफलता

कन्या राशि के जातकों को लंबे समय से लंबित कार्य पूरे होने से राहत मिल सकती है. योजनाबद्ध तरीके से किए गए कार्यों में सफलता मिलने के संकेत हैं. दिन आपके लिए संतोषजनक रह सकता है.

शुभ अंक: 7
शुभ रंग: जैतूनी

तुला राशि: नए संबंध बनेंगे लाभ का आधार

तुला राशि के लिए आज नए सामाजिक और व्यावसायिक संबंध लाभकारी साबित हो सकते हैं. रचनात्मक क्षेत्रों से जुड़े लोगों को विशेष लाभ मिलने की संभावना है. नए संपर्क भविष्य में भी फायदा पहुंचा सकते हैं.

शुभ अंक: 6
शुभ रंग: गुलाबी

वृश्चिक राशि: करियर में आगे बढ़ने के मिलेंगे अवसर

वृश्चिक राशि के जातकों को आज करियर में प्रगति के अवसर मिल सकते हैं. मेहनत और अनुशासन की सराहना होगी. वरिष्ठों का सहयोग मिलने से महत्वपूर्ण कार्य पूरे होने की संभावना है.

शुभ अंक: 9
शुभ रंग: जामुनी

धनु राशि: शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए अच्छा दिन

धनु राशि के लोगों के लिए शिक्षा, प्रशिक्षण और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मामलों में सकारात्मक परिणाम मिलने के संकेत हैं. धार्मिक गतिविधियों में रुचि बढ़ सकती है और मन आध्यात्मिक कार्यों की ओर आकर्षित रहेगा.

शुभ अंक: 4
शुभ रंग: केसरिया

मकर राशि: आर्थिक मामलों में रखें सतर्कता

मकर राशि के लिए आज आर्थिक मामलों में विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है. किसी भी निवेश से पहले पूरी जानकारी लेना आपके लिए बेहतर रहेगा. सोच-समझकर लिया गया निर्णय भविष्य में नुकसान से बचा सकता है.

शुभ अंक: 5
शुभ रंग: धूसर

पूजा की भस्म को भूलकर भी कूड़ेदान में न फेंकें, जानें क्या है सही तरीका

कुंभ राशि: साझेदारी और टीमवर्क से मिलेगा लाभ

कुंभ राशि के जातकों को आज टीमवर्क और साझेदारी से लाभ मिलने की संभावना है. नई तकनीक और नए विचार आपको सफलता दिला सकते हैं. सहयोग से किए गए कार्य अपेक्षा से बेहतर परिणाम देंगे.

शुभ अंक: 8
शुभ रंग: फिरोजी

मीन राशि: रचनात्मकता दिलाएगी नई उपलब्धियां

मीन राशि के लिए आज का दिन रचनात्मकता और नई उपलब्धियों से भरा रह सकता है. परिवार के साथ समय बिताने से मानसिक शांति मिलेगी. सकारात्मक सोच और पारिवारिक सहयोग दिन को बेहतर बनाएगा.

शुभ अंक: 2
शुभ रंग: हल्का बैंगनी

इसे भी पढ़ें-इस दिन की ये 5 गलतियां डाल सकती हैं असर, गुरुवार को रखें खास सावधानी

Disclaimer : यह राशिफल स्थिति पर आधारित है. विशेष मार्गदर्शन के लिए किसी ज्योतिषी से परामर्श करें.

आज भागलपुर पहुंचेंगे CM सम्राट चौधरी, डिग्री कॉलेजों में पढ़ाई का करेंगे शुभारंभ

Bhagalpur CM Visit: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का बुधवार को भागलपुर दौरा प्रस्तावित है. इसे लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. मंगलवार को जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक कर तैयारियों की अंतिम समीक्षा की. इसके बाद दोनों अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल और अन्य महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया.

सुरक्षा व्यवस्था पर रहेगा विशेष फोकस

समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री के आगमन, कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा, विधि-व्यवस्था, वीवीआईपी मूवमेंट, बैरिकेडिंग, पार्किंग और यातायात व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई. वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने तथा पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने का निर्देश दिया.

एक क्लिक पड़ा भारी, नर्स के खाते से 98 हजार रुपये साफ

सभी विभागों को सौंपी गई जिम्मेदारी

समाहरणालय में आयोजित बैठक के दौरान विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करते हुए प्रत्येक अधिकारी की जिम्मेदारी तय की गई. जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि कार्यक्रम से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं हो.

चिकित्सा, पेयजल और अग्निशमन व्यवस्था की समीक्षा

बैठक में चिकित्सा सुविधा, एंबुलेंस, अग्निशमन व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता और अन्य आधारभूत सुविधाओं की भी बिंदुवार समीक्षा की गई. अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि कार्यक्रम शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन कर लिया जाए और किसी भी कमी को तत्काल दूर किया जाए.

एयरपोर्ट क्षेत्र के नोटिस पर घेराव, सफाईकर्मियों ने जड़ा ताला, पूरे दिन हंगामे की भेंट चढ़ा नगर निगम

कार्यक्रम स्थल का लिया जायजा

बैठक समाप्त होने के बाद जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया. उन्होंने प्रवेश एवं निकास मार्ग, मंच, बैठक व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग, सुरक्षा घेरा, चिकित्सा केंद्र और अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए.

सुचारु ट्रैफिक व्यवस्था के दिए निर्देश

वरीय पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रहे और आम लोगों को कम से कम असुविधा हो. इसके लिए प्रभावी ट्रैफिक प्लान लागू करने और सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की चूक नहीं होने देने पर विशेष जोर दिया गया.

अंतिम समय तक होगी निगरानी

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सभी विभाग समन्वित रूप से कार्य कर रहे हैं. कार्यक्रम शुरू होने तक तैयारियों की लगातार निगरानी की जाएगी, ताकि मुख्यमंत्री का दौरा पूरी सुरक्षा, सुव्यवस्था और बेहतर प्रबंधन के साथ संपन्न हो सके.

इसे भी पढ़ें-जमुनिया नाला पर आकार ले रहा 11 करोड़ का पुल, 40 हजार ग्रामीणों को मिलेगी राहत

नवगछिया में युवक की संदिग्ध मौत, जांच के लिए SP ने गठित की एसआईटी

Navgachhia News: भवानीपुर थाना क्षेत्र के गनौल गांव में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है. मामले के शीघ्र उद्भेदन के लिए पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया है. टीम तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के साथ मानवीय सूचना के आधार पर मामले की पड़ताल कर रही है.

बांस की झाड़ी में फंदे से लटका मिला था शव

पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई को गनौल गांव निवासी गुड्डू ठाकुर के पुत्र कृष्ण कुमार ठाकुर का शव गांव के समीप बांस की झाड़ी में फंदे से लटका मिला था. सूचना मिलने पर भवानीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की.

एक क्लिक पड़ा भारी, नर्स के खाते से 98 हजार रुपये साफ

एफएसएल टीम ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य

घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को मौके पर बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए. इसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया गया और परिजनों को सौंप दिया गया.

Navgachhia News:मां के बयान पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी

मृतक की मां जानकी देवी के फर्दबयान के आधार पर भवानीपुर थाना कांड संख्या 173/26 दर्ज किया गया है. पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

घटनास्थल पहुंचे एसपी, SIT को दिए आवश्यक निर्देश

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा स्वयं घटनास्थल पहुंचे. उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अनुसंधान टीम को सभी पहलुओं पर गहन जांच करने का निर्देश दिया. इसके बाद मामले के त्वरित खुलासे के लिए एसआईटी का गठन किया गया.

जमुनिया नाला पर आकार ले रहा 11 करोड़ का पुल, 40 हजार ग्रामीणों को मिलेगी राहत

हत्या, आत्महत्या समेत सभी बिंदुओं पर जांच

पुलिस का कहना है कि जांच किसी एक संभावना तक सीमित नहीं है. हत्या, आत्महत्या अथवा अन्य किसी कारण की आशंका को ध्यान में रखते हुए अनुसंधान किया जा रहा है. एसआईटी मोबाइल कॉल डिटेल, तकनीकी साक्ष्य, मानवीय सूचना और एफएसएल रिपोर्ट के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

इसे भी पढ़ें-एयरपोर्ट क्षेत्र के नोटिस पर घेराव, सफाईकर्मियों ने जड़ा ताला, पूरे दिन हंगामे की भेंट चढ़ा नगर निगम

पटना सहित 24 जिलों में मूसलाधार बारिश के आसार, IMD ने जारी किया अलर्ट

Bihar Weather Update: बिहार में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है. मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है और राज्य के कई हिस्सों में बादलों की आवाजाही के बीच बारिश का दौर जारी है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बुधवार को राज्य के 24 जिलों के लिए तेज बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवा को लेकर अलर्ट जारी किया है. विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है.

इन 24 जिलों में जारी हुआ अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, गोपालगंज, सारण, सीवान, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, समस्तीपुर, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर, जमुई और बांका जिले में तेज बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. इन इलाकों में वज्रपात की भी आशंका जताई गई है.

छह जिलों में भारी बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार जिले में भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की है. लगातार बारिश की वजह से निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन सकती है.

अगले दो-तीन घंटे भी रहेंगे अहम

पटना सहित कई जिलों में सुबह से ही बादल छाए हुए हैं. विभाग का अनुमान है कि अगले दो से तीन घंटों के भीतर अरवल, गया, जहानाबाद, नालंदा, पटना, भोजपुर, वैशाली और सारण में तेज हवा के साथ बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने लोगों से खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है. किसानों को भी खराब मौसम के दौरान खेतों में काम नहीं करने की हिदायत दी गई है.

संभल जाइए! बिहार के 27 जिलों में बारिश का डबल अटैक, IMD का ऑरेंज अलर्ट

सीमांचल में हुई अच्छी बारिश, बढ़ा नदी का जलस्तर

पिछले 24 घंटों के दौरान सीमांचल क्षेत्र के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई. कटिहार, रक्सौल, खगड़िया समेत कई स्थानों पर वर्षा हुई. वहीं नेपाल में लगातार हो रही बारिश का असर अब उत्तर बिहार की नदियों पर भी दिखने लगा है. मुजफ्फरपुर में बागमती नदी का जलस्तर बढ़ रहा है, जिससे आसपास के इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ने लगा है. कई जगहों पर जलभराव से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा.

फिलहाल मौसम में बड़े बदलाव के संकेत नहीं

मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक बिहार में मौसम का यही मिजाज बना रह सकता है. अधिकांश जिलों में बादल छाए रहने और रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है. जिन इलाकों में बारिश नहीं होगी, वहां उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है.

मुख्य बिंदु –

  • बिहार के 24 जिलों में तेज बारिश, वज्रपात और तेज हवा का अलर्ट जारी.
  • 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना.
  • मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी.
  • पटना समेत कई जिलों में काले बादल छाए, अगले 2–3 घंटे में बारिश के आसार.
  • अरवल, गया, जहानाबाद, नालंदा, पटना, भोजपुर, वैशाली और सारण में भी तेज बारिश की संभावना.
  • मौसम विभाग ने बिजली गिरने (वज्रपात) को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी.
  • किसानों से खराब मौसम के दौरान खेतों में काम नहीं करने की अपील.
  • पिछले 24 घंटे में सीमांचल के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज.
  • नेपाल में हो रही बारिश से बागमती नदी का जलस्तर बढ़ा, बाढ़ का खतरा गहराया.
  • अगले कुछ दिनों तक बिहार में बारिश और बादलों का दौर जारी रहने का अनुमान.

इसे भी पढ़ें-

बारिश और तेज हवाओं के बीच भी सारण रहा सबसे गर्म, कई जिलों में मौसम को लेकर चेतावनी
बिहार में शुरू हुआ मानसून का सफर, कई जिलों में बारिश; जानिए आगे कैसा रहेगा मौसम