हावड़ा रेल रूट पर सफर से पहले देख लें लिस्ट, दो दिन बंद रहेगा इस रूट पर चक्का

Train Cancelled Update
एआई जनरेटेड सांकेतिक तस्वीर.

Kolkata Railway : हावड़ा डिवीज़न में बैंची और मोगरा स्टेशनों के बीच इलेक्ट्रिकल मेंटेनेंस का काम होना तय हुआ है. इस महत्वपूर्ण कार्य के कारण आगामी 11 जुलाई 2026 और 13 जुलाई 2026 को 120 मिनट यानी दो घंटे का ट्रैफिक और पावर ब्लॉक प्लान किया गया है. यह ब्लॉक दोनों दिन सुबह 02:40 बजे से लेकर 04:40 बजे तक प्रभावी रहेगा, जिससे रेल यातायात प्रभावित होगा.
मेंटेनेंस कार्य के कारण कई लोकल ट्रेनें की गईं रद्द

बारुईपुर दुष्कर्म-हत्याकांड पर ममता का विरोध मार्च, भाजपा-टीएमसी कार्यकर्ताओं में झड़प

इस मेंटेनेंस और पावर ब्लॉक के परिणामस्वरूप रेलवे ने ट्रेनों के संचालन में कई आवश्यक बदलाव किए हैं. इसके तहत 11 और 13 जुलाई को बर्दवान से खुलने वाली ट्रेन संख्या 37812 व 37786 पूरी तरह रद्द रहेगी. इसके अतिरिक्त हावड़ा से प्रस्थान करने वाली ट्रेन संख्या 37811 और बांडेल से चलने वाली ट्रेन संख्या 37781 को भी निरस्त किया गया है.

गंगासागर एक्सप्रेस को रोककर चलाया जाएगा, पैसेंजर्स रखें ध्यान

ब्लॉक के कारण लोकल ट्रेनों के कैंसिलेशन के अलावा एक्सप्रेस ट्रेनों के समय में भी थोड़ा बदलाव किया गया है. ट्रेन संख्या 13186 सियालदह – जयनगर गंगासागर एक्सप्रेस को 11 जुलाई और 13 जुलाई को मार्ग में 20 मिनट के लिए रोककर (रेगुलेट) चलाया जाएगा. यात्रियों को परेशानी से बचने के लिए इस समय सारिणी को ध्यान में रखने की सलाह दी गई है.

ब्लॉक अवधि से पहले और बाद में चलने वाली अंतिम ट्रेनें

रेलवे प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार इस पावर ब्लॉक के शुरू होने से ठीक पहले रूट पर गुजरने वाली आखिरी ट्रेन संख्या 13154 होगी. इसके बाद ट्रैक पर मेंटेनेंस का काम शुरू कर दिया जाएगा. वहीं दो घंटे का ब्लॉक समय समाप्त होने के बाद इस रेलखंड से सुरक्षित गुजरने वाली पहली ट्रेन संख्या 13186 होगी.

इसे भी पढ़ें-

बंगाल में मेडिकल शिक्षा को मिलेगा बड़ा बूस्ट, 4 जिलों में खुलेंगे नए मेडिकल कॉलेज
अमीरात विमान उतरने के बाद कोलकाता रनवे पर गिरी आकाशीय बिजली, एयरपोर्ट के 2 स्टाफ गंभीर

भागलपुर में आपदा पीड़ितों को मिला मुआवजा, छह परिवारों को बांटे गए चेक

आपदा पीड़ितों को मिला मुआवजा
आपदा पीड़ितों को मिला मुआवजा.

Bhagalpur News : भागलपुर जिला प्रशासन की ओर से आपदा प्रबंधन विभाग के प्रावधानों के तहत छह मृतकों के आश्रितों को चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया. जिला आपदा प्रबंधन शाखा से मिली जानकारी के अनुसार गोपालपुर अंचल के पांच तथा कहलगांव अंचल के एक मृतक के निकटतम आश्रितों को यह आर्थिक मदद उपलब्ध कराई गई है.

प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ चेक का वितरण

यह सहायता राशि जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार त्वरित कार्रवाई करते हुए बांटी गई. चेक वितरण के इस विशेष कार्यक्रम में अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) एवं सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिनकी देखरेख में सभी वैध लाभार्थियों को कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद राशि सौंपी गई.

भागलपुर में कमिश्नर का बड़ा आदेश, श्रावणी मेला के सभी काम एक सप्ताह में करें पूरे

जिला प्रशासन संकट की घड़ी में हर संभव सहयोग के लिए प्रतिबद्ध

अधिकारियों ने सभी पीड़ित परिवारों और लाभुकों को सहायता राशि के चेक सौंपते हुए ढांढस बंधाया. इसके साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि संकट की इस कठिन घड़ी में जिला प्रशासन हरसंभव सहयोग के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और पीड़ितों की मदद में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी.

इसे भी पढ़ें-

भागलपुर-कटिहार यात्रियों को राहत, स्पेशल ट्रेन 10 जुलाई तक चलेगी
भागलपुर की नई डीएम अलंकृता पांडेय ने संभाली कमान, श्रावणी मेला तैयारियों पर रहेगा विशेष फोकस
आर्थिक तंगी से परेशान अतिथि शिक्षक ने मांगी इच्छा मृत्यु, बर्खास्तगी के विरोध में परिवार संग धरने पर बैठे

भागलपुर में कमिश्नर का बड़ा आदेश, श्रावणी मेला के सभी काम एक सप्ताह में करें पूरे

Bhagalpur Shravani Mela Meeting
भागलपुर प्रमंडलीय आयुक्त प्रेम सिंह मीणा.

Bhagalpur News : भागलपुर प्रमंडल के आयुक्त-सह-मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त की अध्यक्षता में श्रावणी मेला, 2026 की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई. आगामी 30 जुलाई से 28 अगस्त तक चलने वाले इस विश्व प्रसिद्ध मेले के सफल आयोजन के लिए आयोजित इस बैठक में दोनों प्रमंडलों के जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, वरीय पुलिस अधीक्षक, डीआईजी और आईजी सहित मालदा रेल डिविजन के प्रतिनिधि उपस्थित थे.

एक सप्ताह के भीतर सभी लंबित कार्यों को पूर्ण करने का कड़ा निर्देश

आयुक्त ने बैठक के दौरान श्रावणी मेला के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन हेतु विभिन्न विभागों द्वारा किये जा रहे कार्यों की प्रगति की विस्तार पूर्वक समीक्षा की. उन्होंने अधिकारियों को सख्त लहजे में हिदायत देते हुए सभी लंबित कार्यों को एक सप्ताह के अंदर पूर्ण करवाने का निर्देश दिया ताकि कांवरियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो.

भागलपुर में डबल डेकर वाहनों पर बैन, श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर डीएम का बड़ा एक्शन

सीसीटीवी कैमरों से होगी हर गतिविधि पर निगरानी

मेला के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं जैसे पेयजल, स्वच्छता, खाद्य सुरक्षा, सुचारू यातायात और विद्युत उपलब्धता पर गहन चर्चा की गई. विधि-व्यवस्था संधारण हेतु पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी, जबकि सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने और उनके माध्यम से चौबीसों घंटे निगरानी करने पर विशेष बल दिया गया.

कांवरिया पथ में बिछेगा बालू, ढीले तारों को दुरुस्त करने का टास्क

पथ निर्माण विभाग को निर्धारित समय-सीमा के अंतर्गत कांवरिया पथ में बालू बिछाने का कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया गया है. इसके साथ ही कांवरिया पथ एवं सभी होल्डिंग पॉइंट्स पर अवस्थित विद्युत पोल से जुड़े ढीले तारों को हटाने, उनकी मरम्मति करने तथा रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था एक सप्ताह के भीतर सुनिश्चित करने को कहा गया है.

अस्थायी शौचालय, नए चापाकल और चिकित्सा शिविरों की होगी मुस्तैदी

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जगह-जगह अस्थायी शौचालय, पेयजल व्यवस्था और कचरा निष्पादन के कड़े निर्देश दिए गए हैं. नए चापाकल लगाने के साथ पुराने चापाकलों को ठीक किया जाएगा, जबकि पूरे कांवरिया पथ में एम्बुलेंस, आवश्यक दवाओं और पर्याप्त चिकित्सा कर्मियों के साथ अस्थायी चिकित्सा केंद्र स्थापित किए जाएंगे.

भागलपुर में बड़ी खोज; सैंडिस कंपाउंड से मिले अतिप्राचीन ‘ट्री फॉसिल’, संग्रहालय में रखा सुरक्षित

भोजनालयों के लिए तय होगी दर, तैनात रहेगी एसडीआरएफ

कांवरिया पथ में खुलने वाले सभी भोजनालों के लिए भोजन की दर का निर्धारण करने के साथ-साथ उसकी गुणवत्ता जांचने के निर्देश दिए गए हैं. किसी भी आकस्मिक स्थिति या आपदा से निपटने के लिए एसडीआरएफ (SDRF) की टीम मुस्तैद रहेगी, जबकि पर्यटन विभाग टेंट सिटी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार करेगा.

बांका के चांदन में पार्किंग और सूचना विभाग करेगा सुविधाओं का प्रचार

बांका जिला के चांदन प्रखंड में बनाए जाने वाले पार्किंग स्थल पर सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ सुचारू यातायात व्यवस्था पर विशेष बल दिया गया है. सूचना एवं जन-संपर्क विभाग के माध्यम से जगह-जगह होर्डिंग और बैनर लगाकर प्रशासन द्वारा दी जा रही सुविधाओं को प्रचारित किया जाएगा.

इसे भी पढ़ें-

भागलपुर-कटिहार यात्रियों को राहत, स्पेशल ट्रेन 10 जुलाई तक चलेगी
भागलपुर की नई डीएम अलंकृता पांडेय ने संभाली कमान, श्रावणी मेला तैयारियों पर रहेगा विशेष फोकस
आर्थिक तंगी से परेशान अतिथि शिक्षक ने मांगी इच्छा मृत्यु, बर्खास्तगी के विरोध में परिवार संग धरने पर बैठे

बारुईपुर दुष्कर्म-हत्याकांड पर ममता का विरोध मार्च, भाजपा-टीएमसी कार्यकर्ताओं में झड़प

बारुईपुर मामले पर ममता बनर्जी का विरोध प्रदर्शन
बारुईपुर दुष्कर्म-हत्या कांड पर ममता का विरोध मार्च. फोटो-X

Mamata Banerjee Protest: दक्षिण 24 परगना के बारुईपुर में 11 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या के मामले को लेकर पश्चिम बंगाल में सियासी घमासान तेज हो गया है. घटना के विरोध में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी बुधवार को कोलकाता की सड़कों पर उतरीं और विरोध मार्च निकाला. इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और टीएमसी समर्थकों के बीच तीखी नोकझोंक के बाद झड़प हो गई. हालात बिगड़ने पर पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा.

Mamata Banerjee Protest : हाईकोर्ट की अनुमति के बाद निकली रैली

टीएमसी की युवा शाखा की ओर से निकाला गया विरोध मार्च कलकत्ता हाईकोर्ट से अनुमति मिलने के बाद दक्षिण कोलकाता के बालीगंज फाड़ी से शुरू हुआ. आरोप है कि रैली के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कई जगह प्रदर्शनकारियों का रास्ता रोकने की कोशिश की और ममता बनर्जी के खिलाफ नारेबाजी की.

तारातला हादसे में 24 घंटे डटी रही रेलवे की टीम, पूर्व रेलवे के जीएम ने थपथपाई पीठ

इसके बाद दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की और हाथापाई शुरू हो गई. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर मौजूद पुलिस और सुरक्षा बलों को हस्तक्षेप करना पड़ा.

ममता ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

रैली को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि उनकी पार्टी शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन कर रही थी और इसके लिए अदालत से अनुमति भी ली गई थी. इसके बावजूद पुलिस ने महिलाओं सहित टीएमसी कार्यकर्ताओं के साथ बर्बरता की.

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की ओर से रैली को रोकने और कार्यकर्ताओं को डराने की कोशिश की गई.

‘पुलिस निष्पक्ष नहीं रही’ : ममता बनर्जी

ममता बनर्जी ने राज्य की पुलिस व्यवस्था पर भी सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस अब निष्पक्ष तरीके से काम नहीं कर रही है और भाजपा के दबाव में कार्रवाई कर रही है. उनके मुताबिक, विरोध प्रदर्शनों को दबाने की कोशिश की जा रही है, जबकि कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की जिम्मेदारी है.

पीड़ित परिवार के लिए न्याय की मांग

टीएमसी प्रमुख ने बारुईपुर की घटना को बेहद दर्दनाक बताते हुए पीड़ित परिवार को जल्द न्याय दिलाने की मांग की. उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और न्याय के मुद्दे पर उनकी पार्टी संघर्ष जारी रखेगी.

भाजपा ने लगाए पलटवार के आरोप

दूसरी ओर, भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामलों में सरकार गंभीर नहीं है और अपराधियों को संरक्षण मिलता रहा है. हालांकि, टीएमसी ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए इसे राजनीतिक आरोप बताया.

इसे भी पढ़ें-

बंगाल में मेडिकल शिक्षा को मिलेगा बड़ा बूस्ट, 4 जिलों में खुलेंगे नए मेडिकल कॉलेज
अमीरात विमान उतरने के बाद कोलकाता रनवे पर गिरी आकाशीय बिजली, एयरपोर्ट के 2 स्टाफ गंभीर

Video : दिल्ली में भारी बारिश से निर्माणाधीन इमारत ढही; कई के फंसे होने की आशंका, रेस्क्यू जारी

रोहिणी में निर्माणाधीन इमारत ढही
दिल्ली में भारी बारिश से निर्माणाधीन इमारत ढही.

Delhi Building Collapse: दिल्ली में लगातार हो रही बारिश के बीच बुधवार शाम रोहिणी इलाके में एक बड़ा हादसा हो गया. रोहिणी सेक्टर-16 स्थित एक निर्माणाधीन इमारत अचानक भरभराकर गिर गई. सूचना मिलते ही दिल्ली अग्निशमन सेवा, पुलिस, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) और अन्य एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया.

शाम चार बजे के करीब हुआ हादसा

दिल्ली अग्निशमन सेवा के अधिकारियों के अनुसार, यह घटना शाम करीब चार बजे एमसीडी स्कूल के पास हुई. हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. बचाव दलों ने तुरंत मलबा हटाने का काम शुरू किया.

गुजरात हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, 38 दोषियों की फांसी और 11 की उम्रकैद बरकरार

दो लोगों को सुरक्षित निकाला गया

राहत कार्य के दौरान अब तक मलबे में फंसे दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है. हालांकि, आशंका जताई जा रही है कि कुछ अन्य लोग भी मलबे के नीचे दबे हो सकते हैं. इसी को देखते हुए बचाव अभियान लगातार जारी है. अग्निशमन विभाग ने मौके पर चार रेस्क्यू टीमों को तैनात किया है.

स्थानीय लोगों ने भी संभाला मोर्चा

हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोग भी मदद के लिए आगे आए. बचाव दलों के पहुंचने से पहले स्थानीय लोगों ने हाथों से ईंटें, कंक्रीट और लोहे की सरियों को हटाकर मलबे में फंसे लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया. कई लोगों ने मानव श्रृंखला बनाकर राहत कार्य में सहयोग किया, जबकि कुछ लोग फावड़े और अन्य उपकरण लेकर मौके पर पहुंचे.


राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक में चंपत राय का इस्तीफा मंजूर, अनिल मिश्रा को लेकर मंथन जारी

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जताई चिंता

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हादसे पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ राहत एवं बचाव कार्य में जुटा है. उन्होंने उम्मीद जताई कि मलबे में फंसे सभी लोग सुरक्षित बाहर निकाल लिए जाएंगे.

पार्षद ने कहा- पांच मंजिला इमारत गिरी

घटनास्थल पर पहुंचे स्थानीय पार्षद प्रदीप मित्तल ने बताया कि गिरने वाली इमारत पांच मंजिला निर्माणाधीन भवन थी. उन्होंने कहा कि मलबे में कुछ लोगों के दबे होने की आशंका है. फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है. साथ ही उन्होंने कहा कि हादसे के लिए जो भी जिम्मेदार होगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

इसे भी पढ़ें-

भारत आने की तैयारी में डोनाल्ड ट्रंप, अमेरिकी विदेश मंत्री रुबियो ने दिया बड़ा अपडेट
राम मंदिर दान राशि चोरी मामले में SIT का शिकंजा, 80 लाख रुपये बरामद, 8 आरोपी अ

मुजफ्फरपुर में STF की बड़ी कार्रवाई, 10 लाख रुपये की चरस के साथ तस्कर गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर में चरस के साथ तस्कर गिरफ्तार
एआई जनरेटेड सांकेतिक तस्वीर.

Muzaffarpur STF Raid: बिहार में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और मुजफ्फरपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. संयुक्त कार्रवाई में औराई थाना क्षेत्र से एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है. उसके पास से 4 किलोग्राम चरस बरामद हुई है, जिसकी सरकारी कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है.

गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी

पुलिस को सूचना मिली थी कि औराई थाना क्षेत्र के मधुबन गांव में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की जा रही है. सूचना के आधार पर बिहार STF और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त टीम बनाकर इलाके में छापेमारी की.

‘फौजी’ बनकर रचाया प्रेमजाल, सच्चाई सामने आई तो निकला साइकिल पंक्चर मिस्त्री

कार्रवाई के दौरान मधुबन गांव निवासी बिंदेश्वर साह के पुत्र मुन्नू कुमार उर्फ मुन्नू साह को गिरफ्तार कर लिया गया.

तलाशी में चरस और मोबाइल बरामद

पुलिस ने आरोपी की तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 4 किलोग्राम चरस और एक मोबाइल फोन बरामद किया. मोबाइल को भी जांच के लिए जब्त कर लिया गया है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किन लोगों के संपर्क में था और मादक पदार्थ की सप्लाई कहां से होती थी.

पहले भी दर्ज है तस्करी का मामला

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से मौजूद है. उसके खिलाफ औराई थाना में शराब तस्करी से संबंधित एक मामला पहले ही दर्ज है. अब पुलिस उसके पुराने नेटवर्क और अन्य आपराधिक गतिविधियों की भी जांच कर रही है.

मुजफ्फरपुर एयरपोर्ट के रनवे का टेंडर 10 दिन में संभव, जल्द उड़ेंगे छोटे विमान

पूरे नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस ने औराई थाना में मामला दर्ज कर आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि चरस की खेप कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जानी थी.

अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए भी कार्रवाई की जाएगी. साथ ही नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.

इसे भी पढ़ें-

फैमिली ट्रिप की आड़ में शराब तस्करी का खेल, नवविवाहित जोड़े समेत 4 गिरफ्तार
एक रात में चार घरों पर हाथ साफ, लाखों के जेवर और नकदी ले उड़े बदमाश

‘फौजी’ बनकर रचाया प्रेमजाल, सच्चाई सामने आई तो निकला साइकिल पंक्चर मिस्त्री

फर्जी फौजी बनकर युवती से ठगी
एआई जनरेटेड सांकेतिक तस्वीर.

Love Scam Bihar: बिहार में सोशल मीडिया के जरिए ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. आरोप है कि एक युवक ने खुद को भारतीय सेना का जवान बताकर 21 वर्षीय युवती से दोस्ती की, फिर शादी का झांसा देकर उससे कई किस्तों में रुपये ऐंठ लिए. जब युवती को सच्चाई का पता चला तो उसने पुलिस से शिकायत की. पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

फेसबुक से शुरू हुई दोस्ती, फिर प्यार का झांसा

पीड़िता के अनुसार, जनवरी 2026 में फेसबुक पर सकरा थाना क्षेत्र निवासी मो. अरमान की फ्रेंड रिक्वेस्ट आई थी. बातचीत के दौरान आरोपी ने खुद को भारतीय सेना में तैनात जवान बताया और धीरे-धीरे युवती का विश्वास जीत लिया. बाद में उसने शादी का वादा कर उसे प्रेमजाल में फंसा लिया.

मुजफ्फरपुर एयरपोर्ट के रनवे का टेंडर 10 दिन में संभव, जल्द उड़ेंगे छोटे विमान

आर्मी की वर्दी पहनकर करता था वीडियो कॉल

पुलिस जांच में सामने आया कि पहली मुलाकात से पहले आरोपी ने सेना के जवानों जैसी हेयरकट कराई और कमांडो ड्रेस पहनकर युवती से मिला. इतना ही नहीं, वह व्हाट्सएप वीडियो कॉल पर सेना की वर्दी और हथियार दिखाकर खुद को फौजी साबित करने की कोशिश करता रहा.

Love Scam Bihar: कभी बॉर्डर पर तैनाती तो कभी आतंकियों के कब्जे की कहानी

आरोप है कि आरोपी अलग-अलग बहाने बनाकर युवती से ऑनलाइन रुपये मंगवाता रहा. कभी खुद को पाकिस्तान सीमा पर ड्यूटी पर तैनात बताता, तो कभी आतंकियों के कब्जे में फंसा होने की कहानी सुनाकर तत्काल पैसों की जरूरत बताता था. युवती उसके झांसे में आकर कई बार रुपये भेजती रही.

जांच में खुली सच्चाई

बाद में युवती को पता चला कि आरोपी सेना का जवान नहीं, बल्कि साइकिल की दुकान पर पंचर बनाने का काम करता है. साथ ही यह भी जानकारी मिली कि वह पहले से शादीशुदा है. इसके बाद युवती अपनी मां और चाचा के साथ आरोपी के घर पहुंची.

मुजफ्फरपुर : पढ़ाई के सपने और शादी का दबाव, ग्रेजुएशन की छात्रा ने खटखटाया थाने का दरवाजा

विरोध करने पर मारपीट और धमकी का आरोप

पीड़िता का आरोप है कि आरोपी और उसके परिजनों ने उनके साथ मारपीट की, जातिसूचक शब्द कहे और हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी. इसके बाद युवती ने डायल-112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी.

छह लोगों पर केस, पुलिस कर रही जांच

पीड़िता के आवेदन पर सदर थाना में मुख्य आरोपी मो. अरमान समेत छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.

पुलिस को मिले डिजिटल साक्ष्य

युवती ने पुलिस को आरोपी की कथित सेना की वर्दी और हथियार वाले फोटो, व्हाट्सएप वीडियो कॉल के स्क्रीनशॉट और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन से जुड़े दस्तावेज सौंपे हैं. पुलिस इन डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

इसे भी पढ़ें-

फैमिली ट्रिप की आड़ में शराब तस्करी का खेल, नवविवाहित जोड़े समेत 4 गिरफ्तार
एक रात में चार घरों पर हाथ साफ, लाखों के जेवर और नकदी ले उड़े बदमाश

बच्चों को रोज-रोज न खिलाएं चिप्स और पिज्जा, ट्राई करें ये 5 हेल्दी स्नैक्स, स्वाद मिलेगा और सेहत भी

बच्चों के लिए हेल्दी स्नैक्स
बच्चों के लिए हेल्दी स्नैक्स

Healthy Snacks Ideas: आजकल ज्यादातर बच्चों की पसंद चिप्स, पिज्जा, बर्गर और फ्रेंच फ्राइज जैसे जंक फूड बन चुके हैं. हालांकि, इनका बार-बार सेवन बच्चों की सेहत पर नकारात्मक असर डाल सकता है. ऐसे में माता-पिता के सामने सबसे बड़ी चुनौती यही होती है कि बच्चों को ऐसा क्या खिलाया जाए, जो स्वादिष्ट होने के साथ पौष्टिक भी हो. अगर आप भी इसी परेशानी से जूझ रहे हैं, तो घर पर बनने वाले ये 5 हेल्दी स्नैक्स बच्चों की डाइट का हिस्सा बना सकते हैं.

1. सूजी और सब्जियों का चीला

    अगर आपका बच्चा हरी सब्जियां खाने से बचता है, तो सूजी और सब्जियों का चीला अच्छा विकल्प हो सकता है. सूजी, दही और बारीक कटी गाजर, शिमला मिर्च, प्याज व टमाटर मिलाकर घोल तैयार करें और तवे पर हल्के घी या बटर के साथ सेंक लें.

    क्यों है खास?

    • सब्जियों से भरपूर पोषण
    • बनाने में आसान
    • टोमैटो केचप के साथ बच्चों की पसंद
    शाम की चाय का मजा दोगुना कर देंगे ये 5 झटपट स्नैक्स, 10 मिनट में हो जाएंगे तैयार

    2. भुना हुआ मखाना चाट

      चिप्स और नमकीन की जगह बच्चों को मखाना चाट खिलाई जा सकती है. मखाने में कैल्शियम और प्रोटीन अच्छी मात्रा में पाया जाता है.

      ऐसे बनाएं:

      • घी में मखाने भून लें.
      • नमक, चाट मसाला और हल्दी मिलाएं.
      • चाहें तो खीरा, टमाटर और नींबू का रस डालकर चाट तैयार करें.

      3. ओट्स और बनाना पैनकेक

        अगर बच्चे को मीठा पसंद है, तो केक और पेस्ट्री की जगह ओट्स और केले का पैनकेक बेहतर विकल्प हो सकता है.

        बनाने का तरीका:

        • ओट्स का पाउडर तैयार करें.
        • इसमें केला, दूध और थोड़ा शहद मिलाएं.
        • नॉन-स्टिक तवे पर छोटे-छोटे पैनकेक सेक लें.

        यह स्नैक स्वाद के साथ भरपूर ऊर्जा भी देता है.

        नया मकान बनवाने की तैयारी है? निर्माण शुरू करने से पहले इन 5 बातों पर जरूर करें विचार

        4. होममेड पोटैटो वेजेस

          बाजार के फ्रेंच फ्राइज की जगह घर पर बने पोटैटो वेजेस बच्चों को ज्यादा हेल्दी विकल्प दे सकते हैं.

          ऐसे तैयार करें:

          • आलू को लंबे टुकड़ों में काटें.
          • ऑलिव ऑयल, नमक, काली मिर्च और ऑरेगानो मिलाएं.
          • ओवन या तवे पर क्रिस्पी होने तक पकाएं.

          5. फ्रूट एंड नट्स योगर्ट पार्फे

            शाम की हल्की भूख या गर्मियों के लिए यह शानदार स्नैक है.

            इसमें क्या डालें?

            • गाढ़ी दही
            • आम, केला, सेब या स्ट्रॉबेरी
            • बादाम, काजू और किशमिश
            • स्वाद के लिए थोड़ा शहद

            यह स्नैक पोषण से भरपूर होने के साथ दिखने में भी आकर्षक होता है, इसलिए बच्चे इसे आसानी से खा लेते हैं.

            बच्चों को जंक फूड से दूर रखने का आसान तरीका

            अगर बच्चों को रोज अलग-अलग और आकर्षक तरीके से हेल्दी स्नैक्स परोसे जाएं, तो उनकी जंक फूड खाने की आदत धीरे-धीरे कम हो सकती है. घर पर बने ये स्नैक्स स्वाद, पोषण और सेहत—तीनों का बेहतर संतुलन देते हैं.

            इसे भी पढ़ें-

            बच्चे के लिए चुनें ऐसा नाम, जो सफलता और उपलब्धि का प्रतीक बने
            टिफिन लौटेगा खाली, बच्चों को खूब पसंद आएगा आलू-चीज सैंडविच
            शनिवार सुबह करें ये आसान उपाय, घर में बढ़ेगी पॉजिटिव एनर्जी; कामों में नहीं आएगी रुकावट

            90KM की रेंज वाला Piaggio का नया इलेक्ट्रिक ऑटो लॉन्च, ₹2.55 लाख से शुरू है कीमत

            Piaggio Ape WavE इलेक्ट्रिक ऑटो
            Piaggio का नया इलेक्ट्रिक ऑटो लॉन्च.

            Piaggio Ape WavE: देश में इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती मांग के बीच Piaggio Vehicles ने अपना नया इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर Ape WavE लॉन्च कर दिया है. कंपनी ने इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 2.55 लाख रुपये (पुणे) तय की है. यह इलेक्ट्रिक ऑटो देशभर में कंपनी के डीलरशिप नेटवर्क के जरिए बिक्री के लिए उपलब्ध होगा. इसे खासतौर पर शहरों और छोटे कस्बों में पैसेंजर ट्रांसपोर्ट को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है.

            क्या E20 पेट्रोल से इंजन पर पड़ता है असर? जानिए क्यों बढ़ रही है प्रीमियम पेट्रोल की मांग

            90KM तक चलेगा, 4.5 घंटे में होगा फुल चार्ज

            Piaggio Ape WavE में 5.4 kWh की बैटरी दी गई है, जिसे 3 kW पीक पावर और 25 Nm टॉर्क देने वाली इलेक्ट्रिक मोटर से जोड़ा गया है. कंपनी का दावा है कि यह इलेक्ट्रिक ऑटो एक बार फुल चार्ज होने पर 90 किलोमीटर तक की रियल वर्ल्ड रेंज देता है. इसकी अधिकतम रफ्तार 40 किमी प्रति घंटा है. वहीं, बैटरी को पूरी तरह चार्ज होने में करीब 4 घंटे 30 मिनट लगते हैं.

            खराब सड़कों पर भी आसान होगा सफर

            कंपनी ने Ape WavE को भारतीय सड़क परिस्थितियों को ध्यान में रखकर तैयार किया है. इसमें 19 प्रतिशत ग्रेडेबिलिटी दी गई है, जिससे चढ़ाई वाले रास्तों पर भी इसे आसानी से चलाया जा सकता है. इसके अलावा इसमें 180 मिमी का ग्राउंड क्लीयरेंस, फुल-मेटल बॉडी और मोनोकोक चेसिस दिया गया है. बेहतर सस्पेंशन सेटअप की वजह से सफर के दौरान झटके और कंपन भी कम महसूस होंगे.

            MG Windsor EV हुई महंगी, जुलाई से बढ़ीं कीमतें, जानें अब किस वेरिएंट के लिए कितने देने होंगे पैसे

            यात्रियों की सुविधा का भी रखा गया ध्यान

            Ape WavE का केबिन पर्याप्त जगह के साथ तैयार किया गया है, ताकि चालक और यात्रियों को आरामदायक सफर मिल सके. यह मॉडल उन लोगों के लिए बेहतर विकल्प हो सकता है, जो पैसेंजर ऑटो चलाकर रोजगार करते हैं या अपने कमर्शियल फ्लीट में इलेक्ट्रिक वाहन शामिल करना चाहते हैं.

            इलेक्ट्रिक लाइनअप हुआ और मजबूत

            Ape WavE के लॉन्च के साथ Piaggio ने भारत में अपने इलेक्ट्रिक पैसेंजर थ्री-व्हीलर पोर्टफोलियो का विस्तार किया है. इससे पहले कंपनी Ape E-City Swappable, Ape E-City FX, Ape E-City Maxx और Ape E-City Ultra जैसे मॉडल बाजार में उतार चुकी है. अब ग्राहकों के पास एक और नया इलेक्ट्रिक विकल्प उपलब्ध होगा.

            Piaggio Ape WavE: प्रमुख फीचर्स

            • कीमत: ₹2.55 लाख (एक्स-शोरूम, पुणे)
            • बैटरी: 5.4 kWh
            • रेंज: 90KM (रियल वर्ल्ड)
            • टॉप स्पीड: 40 किमी/घंटा
            • चार्जिंग टाइम: 4 घंटे 30 मिनट
            • ग्राउंड क्लीयरेंस: 180 मिमी
            • ग्रेडेबिलिटी: 19 प्रतिशत

            इसे भी पढ़ें-

            स्टैंड लगाने की जरूरत खत्म! खुद बैलेंस बनाए रखेगा यह स्मार्ट स्कूटर
            MG Majestor लॉन्च, Fortuner को देगी सीधी टक्कर, जानिए कीमत और खासियत
            Royal Enfield से Jawa तक; ट्रैफिक में आसान कंट्रोल, कम हाइट वाले राइडर्स के लिए ये बाइक्स हैं खास

            Jio, Airtel और Vi यूजर्स को लगेगा झटका, 15% तक महंगे हो सकते हैं मोबाइल रिचार्ज

            मोबाइल रिचार्ज प्लान महंगे होने की संभावना
            15% तक महंगे हो सकते हैं मोबाइल रिचार्ज.

            Mobile Recharge Price Hike: अगर आप Reliance Jio, Bharti Airtel या Vodafone Idea (Vi) का सिम इस्तेमाल करते हैं, तो आने वाले महीनों में मोबाइल रिचार्ज के लिए ज्यादा रकम खर्च करनी पड़ सकती है. एक नई रिसर्च रिपोर्ट में दावा किया गया है कि निजी टेलीकॉम कंपनियां अगले 3 से 4 महीनों के भीतर अपने प्रीपेड टैरिफ में 12% से 15% तक बढ़ोतरी कर सकती हैं. हालांकि, फिलहाल किसी भी कंपनी ने इस संबंध में आधिकारिक घोषणा नहीं की है.

            आखिर क्यों बढ़ सकते हैं रिचार्ज प्लान?

            Centrum Institutional Research की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले कुछ समय से टेलीकॉम कंपनियों की ARPU (Average Revenue Per User) यानी प्रति ग्राहक औसत आय में अपेक्षित बढ़ोतरी नहीं हुई है. वहीं, पिछली बार टैरिफ में बड़ा बदलाव हुए भी करीब दो साल हो चुके हैं.

            ₹799 में मिलेगा यह 4G फीचर फोन, UPI पेमेंट से लेकर वीडियो स्ट्रीमिंग तक कई सुविधाएं

            रिपोर्ट का कहना है कि कंपनियां अब अपनी आय बढ़ाने के लिए एक बार फिर रिचार्ज प्लान की कीमतों में इजाफा कर सकती हैं. फिलहाल 2G ग्राहकों का 4G और 5G नेटवर्क पर शिफ्ट होना और डेटा खपत बढ़ना कंपनियों की कमाई में मदद कर रहा है, लेकिन अब वे प्रति ग्राहक आय बढ़ाने पर ज्यादा फोकस कर सकती हैं.

            इस बार बदल सकता है प्लान बनाने का तरीका

            TelecomTalk की रिपोर्ट के अनुसार, इस बार सिर्फ मौजूदा प्लान महंगे नहीं होंगे, बल्कि टैरिफ तय करने का तरीका भी बदल सकता है.

            संभावना है कि भविष्य में कंपनियां डेटा उपयोग के आधार पर अलग-अलग कीमत वाले प्लान लॉन्च करें. यानी जो ग्राहक ज्यादा इंटरनेट डेटा इस्तेमाल करेंगे, उन्हें अधिक कीमत चुकानी पड़ सकती है, जबकि कम डेटा उपयोग करने वालों के लिए अलग कैटेगरी के प्लान हो सकते हैं.

            मोबाइल नंबर बदलते ही कर लें यह काम, नहीं तो खतरे में पड़ सकते हैं ऑनलाइन अकाउंट

            15% बढ़ोतरी हुई तो कितना महंगा होगा रिचार्ज?

            अगर टैरिफ में 15% तक बढ़ोतरी होती है, तो ग्राहकों के मासिक मोबाइल खर्च में भी इजाफा होगा. उदाहरण के तौर पर—

            • 300 रुपये का प्लान बढ़कर लगभग 345 रुपये हो सकता है.
            • 500 रुपये का प्लान करीब 575 रुपये तक पहुंच सकता है.

            हालांकि, अंतिम कीमतें कंपनियों के आधिकारिक फैसले और नए प्लान स्ट्रक्चर पर निर्भर करेंगी.

            अभी क्या है स्थिति?

            फिलहाल Jio, Airtel और Vi में से किसी भी कंपनी ने रिचार्ज महंगा करने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. यह जानकारी विभिन्न रिसर्च रिपोर्ट्स पर आधारित है. ऐसे में ग्राहकों को कंपनियों की आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना होगा.

            इसे भी पढ़ें-

            Redmi Note 14 Pro 5G पर आकर्षक ऑफर, कीमत में बड़ी गिरावट—ग्राहकों को मिल रही अतिरिक्त छूट
            टैबलेट मार्केट में OnePlus Pad 4 ने मचाया धमाल; हैरान करने वाला फीचर्स, कंप्यूटर जैसा फील
            लॉन्च के कुछ ही दिनों में ₹9000 सस्ता हुआ Samsung का फोन; Amazon ऑफर ने बढ़ाई डिमांड
            इंडिया में 1 मई से लागू होंगे नए नियम, रियल मनी गेमिंग पर सख्ती, यूजर्स की सुरक्षा पर जोर