इस खबर में क्या है?
Bhagalpur News : विक्रमशिला सेतु के टूटे हिस्से पर तैयार किए जा रहे बेली ब्रिज पर ट्रैफिक संचालन के लिए प्रशासन ने नई रणनीति बनाई है. पुल पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह नियंत्रित तरीके से होगी. दोनों तरफ से गाड़ियां चलेंगी, लेकिन एक समय में केवल एक दिशा का ट्रैफिक ही ब्रिज पार कर सकेगा.
प्रशासन का मानना है कि इस व्यवस्था से पुल पर अनावश्यक दबाव कम होगा और जाम की स्थिति से राहत मिलेगी. इसे लेकर जिला प्रशासन ने ट्रैफिक मैनेजमेंट की तैयारी भी शुरू कर दी है.
बारी-बारी से छोड़े जाएंगे वाहन
नई व्यवस्था के तहत पहले भागलपुर की तरफ से वाहनों को पुल पार कराया जाएगा. उसके बाद कुछ देर के लिए उस दिशा का ट्रैफिक रोका जाएगा और नवगछिया की ओर से गाड़ियों को आने दिया जाएगा.
वाहनों की संख्या भी तय की जाएगी ताकि एक साथ अधिक दबाव न बने. ट्रैफिक पुलिस मौके पर रहकर यह तय करेगी कि कितनी गाड़ियों को एक बार में छोड़ा जाए.
ट्रैफिक संभालने के लिए तैनात रहेंगे जवान
वन-वे व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए पुल के दोनों छोर पर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी. अधिकारियों की निगरानी में ट्रैफिक संचालन होगा. जरूरत पड़ने पर कुछ समय के लिए वाहनों को रोका भी जाएगा, ताकि दूसरी ओर का ट्रैफिक आसानी से निकल सके.
प्रशासन को उम्मीद है कि इस सिस्टम से लंबी दूरी तय करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी और पुल पर अव्यवस्था की स्थिति नहीं बनेगी.
निर्माण कार्य ने पकड़ी रफ्तार
बेली ब्रिज निर्माण का काम अब तेजी से आगे बढ़ रहा है. निर्माण सामग्री कोलकाता से भागलपुर पहुंच चुकी है और तकनीकी टीम ने साइट पर काम शुरू कर दिया है. अधिकारियों के अनुसार, अगले 20 से 25 दिनों में बेली ब्रिज तैयार हो सकता है.
डीएम ने दी जानकारी
जिलाधिकारी डॉ नवल किशोर चौधरी ने बताया कि बेली ब्रिज पर वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू की जाएगी. इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर पूरी योजना तैयार की जा रही है. उन्होंने कहा कि पुल निर्माण का काम शुरू हो चुका है और तय समय के भीतर इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
इसे भी पढ़ें-विक्रमशिला सेतु की मरम्मत का जिम्मा अब पुल निर्माण निगम के पास, दो स्तर पर होगा काम
इसे भी पढ़ें-विक्रमशिला सेतु की मरम्मत का जिम्मा अब पुल निर्माण निगम के पास, दो स्तर पर होगा काम

