Bihar News : पटना. सरदार वल्लभभाई पटेल की पहचान अब बिहार में एक भव्य प्रतिमा के रूप में भी स्थापित करने की तैयारी है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घोषणा की है कि राज्य में लौह पुरुष की देश की सबसे ऊंची प्रतिमा लगाई जाएगी. पटेल की 151वीं जयंती पर की गई इस घोषणा ने राष्ट्रीय एकता दिवस के कार्यक्रमों में सबसे ज्यादा ध्यान खींचा. मुख्यमंत्री ने इसे सरदार पटेल के योगदान और उनके विचारों के प्रति सम्मान से जुड़ी पहल बताया.
हालांकि, इस घोषणा के साथ प्रतिमा कहां स्थापित होगी, उसकी ऊंचाई कितनी होगी और निर्माण कब शुरू होगा, इन सवालों का विवरण सामने नहीं आया है. मुख्यमंत्री ने शनिवार को पटना के बापू सभागार में साझी विरासत अभियान की ओर से आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में यह ऐलान किया.
इसे भी पढ़ें-विकास राशि में मेयर-डिप्टी मेयर की हिस्सेदारी पर बवाल, विरोध में दोनों ने छोड़ी नगर निगम बोर्ड की बैठक
रियासतों के एकीकरण में पटेल की भूमिका को किया याद
प्रतिमा की घोषणा के साथ मुख्यमंत्री ने देश के एकीकरण में सरदार पटेल की भूमिका का उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि आजादी के बाद अनेक रियासतों का भारत में विलय कराने में पटेल का अहम योगदान रहा. उनके प्रयासों से अखंड राष्ट्र की नींव मजबूत हुई. मुख्यमंत्री ने उन्हें देश के सबसे मजबूत गृह मंत्रियों में से एक बताया.
उन्होंने पटेल के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि भी दी. सम्राट चौधरी ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन देश को एक सूत्र में बांधने की प्रेरणा देता है. राष्ट्रीय एकता और देश की मजबूती के लिए उनके विचारों को याद करना जरूरी है.
पटेल के सपनों से 2047 के विकसित भारत तक की बात
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में 2047 तक भारत को विकसित और आर्थिक रूप से सशक्त राष्ट्र बनाने का लक्ष्य भी रखा. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इस दिशा में लगातार काम किया जा रहा है. सरदार पटेल के सपनों को साकार करने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महत्वपूर्ण काम किए हैं.
स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने भी गिनाया पटेल का योगदान
पटना के अशोक कन्वेंशन केंद्र में आयोजित पटेल जयंती समारोह में स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने श्रद्धांजलि दी. उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने में सरदार पटेल का योगदान अतुलनीय और अविस्मरणीय है. स्वतंत्रता के बाद अनेक रियासतों का एकीकरण कर उन्होंने मजबूत और अखंड भारत की नींव रखी. निशांत ने कहा कि देश के इतिहास में उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा.
इसे भी पढ़ें-भागलपुर पुलिस का संकल्प, SSP ने अधिकारियों और जवानों को दिलाई शपथ
पटेल चौक पर मुख्यमंत्री समेत कई जनप्रतिनिधियों ने किया नमन
पटना में चितकोहरा पुल के निकट पटेल चौक पर भी राजकीय समारोह आयोजित हुआ. यहां सरदार वल्लभभाई पटेल की आदमकद प्रतिमा पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने माल्यार्पण किया.
इस मौके पर उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, मंत्री विजय सिन्हा, डॉ. दिलीप जायसवाल, रामकृपाल यादव, शीला कुमारी, रत्नेश सादा और लखेन्द्र कुमार रौशन उपस्थित रहे. विधायक श्याम रजक और संजीव चौरसिया सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी श्रद्धांजलि दी.
इसे भी पढ़ें-












