Patna Guest House Raid : राजीव नगर के घुड़दौड़ इलाके में गणपति गेस्ट हाउस को लेकर पुलिस को काफी समय से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिल रही थी. शिकायतों के बाद पुलिस ने सीधे कार्रवाई करने के बजाय गेस्ट हाउस की गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू की. एसएसपी सेल की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट (SIU) करीब दो महीने से यहां रंगे हाथ कार्रवाई की तैयारी में जुटी थी. शनिवार को आखिरकार सूचना मिली कि गेस्ट हाउस के कमरों में कुछ युवक-युवतियां मौजूद हैं.
इसके बाद पटना पुलिस और SIU की संयुक्त टीम ने गेस्ट हाउस में धावा बोल दिया. कार्रवाई के दौरान चार युवतियों और एक युवक को पकड़ा गया, लेकिन पुलिस की पहुंच से पहले ही मुख्य संचालक और कुछ कर्मचारी पिछले दरवाजे से निकल गए.
पटना की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
गणपति गेस्ट हाउस जी+4 भवन में संचालित हो रहा था. पुलिस टीम ने ग्राउंड फ्लोर से लेकर चौथी मंजिल तक बने कमरों की तलाशी ली. अलग-अलग कमरों की जांच के दौरान कंडोम समेत कई आपत्तिजनक सामान मिले. हिरासत में लिए गए युवक और युवतियों को पूछताछ के लिए राजीव नगर थाने ले जाया गया है. मौके पर दो आईपीएस रैंक के अधिकारी भी पहुंचे और कार्रवाई के दौरान जांच-पड़ताल की.
रंगे हाथ पकड़ने के लिए चल रही थी तैयारी
एसडीपीओ-2 लॉ एंड ऑर्डर सुषमा सागर के अनुसार, पुलिस को गेस्ट हाउस में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना बहुत दिनों से मिल रही थी. इसके बाद SIU की टीम करीब दो महीने से ऐसे मौके की तलाश में थी, जब कार्रवाई के दौरान वहां मौजूद लोगों को रंगे हाथ पकड़ा जा सके. शनिवार को मिली सूचना के बाद टीम ने गेस्ट हाउस को खंगाला और अलग-अलग कमरों से चार युवतियों को पकड़ा.
पुलिस पहुंची, उससे पहले ही निकल गया संचालक
छापेमारी के दौरान गेस्ट हाउस के मुख्य संचालक को जैसे ही पुलिस कार्रवाई की भनक लगी, वह पिछले दरवाजे से भाग निकला. उसके साथ गेस्ट हाउस में काम करने वाले कुछ कर्मचारी और कुछ अन्य संदिग्ध युवक भी फरार हो गए. अब पुलिस की जांच का अगला फोकस उन लोगों पर है, जो मौके से निकलने में सफल रहे.
अब सामने आएगा पूरा नेटवर्क
चार युवतियों और एक युवक से पूछताछ के साथ पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गेस्ट हाउस में चल रही इस गतिविधि के पीछे कौन-कौन लोग थे. तकनीकी टीम यह भी जांच कर रही है कि ग्राहकों से संपर्क किस माध्यम से किया जाता था और यह गतिविधि कितने समय से चल रही थी. पुलिस फरार संचालक और कर्मचारियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है.
एसडीपीओ-2 लॉ एंड ऑर्डर सुषमा सागर ने कहा कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और संदिग्ध गतिविधियों से जुड़े लोगों की भूमिका सामने आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
इसे भी पढ़ें-


