Bhagalpur News : भागलपुर में विकास कार्यों और जनआंदोलनों को लेकर दिनभर हलचल देखने को मिली. कचरा मुक्त शहर की मांग को लेकर आलोक यादव की भूख हड़ताल को सामाजिक न्याय आंदोलन (बिहार) और बहुजन स्टूडेंट्स यूनियन (बिहार) का समर्थन मिला. दोनों संगठनों के प्रतिनिधि धरना स्थल पहुंचकर आंदोलन के प्रति एकजुटता जताते हुए नगर निगम से जल्द सकारात्मक वार्ता कर समाधान निकालने की अपील की.
वहीं मशाकचक स्थित दुर्गा बाड़ी मोहल्ले में नाला निर्माण को लेकर उत्पन्न विवाद मेयर डॉ. बसुंधरा लाल के हस्तक्षेप के बाद फिलहाल शांत हो गया है. हालांकि स्थानीय लोगों ने अधूरी खुदाई से हो रही परेशानी, टूटे रास्ते और क्षतिग्रस्त घरों की देहरी को जल्द दुरुस्त करने की मांग की है.
इधर नगर निगम ने शहर की सभी सड़कों और सार्वजनिक पार्कों का व्यापक सर्वे कराने का निर्णय लिया है. नगर आयुक्त किसलय कुशवाहा ने मेयर, डिप्टी मेयर, पार्षदों और अभियंताओं से विकास कार्यों के प्रस्ताव मांगे हैं ताकि जरूरत वाले क्षेत्रों की पहचान कर योजनाबद्ध तरीके से काम कराया जा सके.
साथ ही निगम क्षेत्र के सभी 51 वार्डों में सड़क, नाला और प्याऊ निर्माण कार्य की योजना तैयार की गई है. प्रत्येक वार्ड में लगभग 25-25 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे और इसके लिए पार्षदों से प्रस्ताव उपलब्ध कराने को कहा गया है.
इसे भी पढ़ें-भागलपुर सेंट्रल जेल में मरम्मत की तैयारी, वार्डों समेत कई हिस्सों का होगा जीर्णोद्धार

