Bhagalpur News: भागलपुर शहर के नागरिकों को जल्द ही एक नई सार्वजनिक सुविधा मिलने जा रही है. सोमवार को टी.एन.बी. कॉलेजिएट इंटर स्कूल परिसर में नगर निगम भागलपुर की ओर से केंद्र प्रायोजित अटल नवीकरण एवं शहरी परिवर्तन मिशन (AMRUT 2.0) के तहत पार्क निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया गया. कार्यक्रम में भागलपुर के प्रभारी मंत्री सह नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा, पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर शैलेंद्र, महापौर डॉ. वसुंधरा लाल, नगर विधायक रोहित पांडेय और सशक्त स्थायी समिति की सदस्य डॉ. प्रीति शेखर ने संयुक्त रूप से शिलान्यास किया.
शहरी विकास और नागरिक सुविधाओं पर सरकार का फोकस
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक सुविधाओं को मजबूत करना है. उन्होंने कहा कि AMRUT 2.0 योजना के माध्यम से ऐसे कई विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है, जो आने वाले समय में शहरों की पहचान बदलने का काम करेंगे.
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर और गुणवत्ता के साथ पूरा करने का निर्देश भी दिया. मंत्री ने भरोसा दिलाया कि नगर विकास और आधारभूत संरचना से जुड़े कार्यों के लिए भागलपुर को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा.
जल्द दिखेगा विकास कार्यों का असर : शैलेंद्र
पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर शैलेंद्र ने कहा कि डॉ. प्रीति शेखर अपने क्षेत्र की समस्याओं को लेकर लगातार सक्रिय रहती हैं और पार्क निर्माण की पहल इसका उदाहरण है. उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में सड़क और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे तथा भागलपुर के विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध है.
क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी सौगात
स्थानीय पार्षद एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. प्रीति शेखर ने स्वागत भाषण में कहा कि जनता से किया गया वादा जब धरातल पर उतरता है तो एक जनप्रतिनिधि के लिए इससे बड़ी खुशी कोई नहीं हो सकती. उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों, खिलाड़ियों, महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों से पार्क निर्माण का जो वादा किया गया था, वह अब पूरा होने जा रहा है.
उन्होंने इसे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक और लंबे समय से प्रतीक्षित परियोजना बताते हुए कहा कि पार्क बनने से शहर के उत्तर-मध्य और बाजार क्षेत्र के हजारों लोगों को लाभ मिलेगा. बच्चों को खेलने, युवाओं को खेल गतिविधियों और बुजुर्गों को टहलने व समय बिताने के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा.
जनप्रतिनिधियों ने दी बधाई
कार्यक्रम में महापौर डॉ. वसुंधरा लाल और नगर विधायक रोहित पांडेय ने भी लोगों को संबोधित किया. दोनों ने पार्क निर्माण कार्य शुरू होने पर क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए कहा कि यह परियोजना शहर में सार्वजनिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी.
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष कुमार, पीरपैंती विधायक मुरारी पासवान, भाजपा नेता डॉ. मृणाल शेखर, बंटी यादव, निगम पार्षद निकेश यादव, अशोक पटेल, मो. असगर, कुमकुम द्विवेदी, गोविंद बनर्जी, उप नगर आयुक्त आमिर सोहैल समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, युवा खिलाड़ी और नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे.
इसे भी पढ़ें-
- भागलपुर में अगले 48 घंटे अहम, मौसम विभाग ने जताए बारिश के संकेत
- बिहार में शुरू हुआ मानसून का सफर, कई जिलों में बारिश; जानिए आगे कैसा रहेगा मौसम
- केरल पहुंचा मानसून, कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
- झारखंड में बदलेगा मौसम का मिजाज, कई जिलों में बारिश-आंधी और वज्रपात की चेतावनी
- मौसम लेगा करवट, कई राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट, जानिए कहां कैसा रहेगा हाल

