NEET Exam Free Bus Service : 21 जून को होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए बिहार सरकार ने विशेष परिवहन व्यवस्था की घोषणा की है. इस दिन बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की बसों में परीक्षा देने जा रहे अभ्यर्थियों को बिना किराया यात्रा करने की सुविधा मिलेगी. राज्यभर में संचालित निगम की सभी बसों में यह व्यवस्था लागू रहेगी, जिससे छात्रों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में सहूलियत मिल सके.
पूरे बिहार में लागू रहेगी व्यवस्था
सरकार की ओर से जारी निर्देश के तहत निगम की विभिन्न श्रेणी की बसों में नीट परीक्षार्थी मुफ्त सफर कर सकेंगे. यह सुविधा केवल किसी एक जिले तक सीमित नहीं होगी, बल्कि भागलपुर, मुंगेर, जमुई समेत राज्य के सभी जिलों में संचालित सरकारी बस सेवाओं पर लागू रहेगी. इसका मकसद परीक्षा के दिन विद्यार्थियों की आवाजाही को आसान बनाना है.

परीक्षा केंद्र जाने और लौटने दोनों में लाभ
अधिकारियों के अनुसार अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के साथ-साथ परीक्षा समाप्त होने के बाद घर लौटने के दौरान भी इस सुविधा का उपयोग कर सकेंगे. परीक्षा के समय परिवहन साधनों पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है, ताकि विद्यार्थियों को यात्रा संबंधी किसी अतिरिक्त परेशानी का सामना न करना पड़े.
एडमिट कार्ड दिखाना होगा जरूरी
मुफ्त यात्रा सुविधा का लाभ उठाने के लिए अभ्यर्थियों को अपने साथ नीट परीक्षा का एडमिट कार्ड रखना होगा. बस में सफर के दौरान एडमिट कार्ड की प्रिंट या फोटो कॉपी पहचान के रूप में मान्य होगी. इसे दिखाने के बाद छात्रों से किराया नहीं लिया जाएगा.
परिवहन बाधा से परीक्षा न छूटे, यही उद्देश्य
भागलपुर पथ परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक अमित कुमार ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार यह व्यवस्था लागू की जा रही है. उन्होंने कहा कि कोशिश है कि किसी भी विद्यार्थी को परिवहन की समस्या के कारण परीक्षा से वंचित न होना पड़े. इसी उद्देश्य से 21 जून को नीट अभ्यर्थियों के लिए यह विशेष सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है.
इसे भी पढ़ें-

