इस खबर में क्या है?
Aurangabad School Van Accident: बुधवार सुबह औरंगाबाद जिले के कुटुंबा थाना क्षेत्र में स्कूली बच्चों को लेकर जा रही सेंट जेवियर स्कूल की मैजिक दुर्घटनाग्रस्त हो गई. तमसी मोड़ के पास बसडीहा नहर के समीप चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे मैजिक सड़क से उतरकर करीब 15 फीट गहरी सूखी नहर में पलट गई. हादसे के बाद मौके पर बच्चों की चीख-पुकार गूंज उठी और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई. इस दुर्घटना में कुल 14 बच्चे घायल हुए हैं. इनमें तीन बच्चों की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर किया गया.
कई गांवों से बच्चों को लेकर स्कूल जा रहा था वाहन
प्रतिदिन की तरह बुधवार सुबह भी स्कूल की मैजिक महुआधाम, मिर्जापुर, कुटुंबा, लखना और आसपास के गांवों से बच्चों को लेकर सेंट जेवियर स्कूल जा रही थी. अंबा-नवीनगर मुख्य मार्ग पर बसडीहा नहर के पास पहुंचते ही चालक का वाहन से संतुलन बिगड़ गया. देखते ही देखते मैजिक सड़क छोड़कर सूखी नहर में पलट गई.
Aurangabad School Van Accident: ग्रामीणों ने तत्काल शुरू किया राहत कार्य
दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए. लोगों ने बिना देर किए राहत कार्य शुरू किया और वाहन में फंसे बच्चों को बाहर निकाला. इसके बाद ऑटो की मदद से सभी घायलों को रेफरल अस्पताल, कुटुंबा पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया. ग्रामीणों की तत्परता से सभी बच्चों को समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सकी.
सरकारी बंगले पर सख्ती, राबड़ी देवी को आवास खाली करने का अंतिम नोटिस; जानिए आगे क्या होगा
तीन बच्चों की हालत गंभीर
घायलों में आदित्य राज (12), आरवी प्रताप (5), मौली कुमारी (7), हर्ष कुमार (10), अमी कुमारी, लक्ष्मी राज सैनी, सुगंधी, आर्यन, सृष्टि कुमारी, आयुष कुमार, अवध कुमार, वैभव कुमार, आबिद राजा और अमित कुमार शामिल हैं. इनमें आरवी प्रताप, मौली कुमारी और हर्ष कुमार की स्थिति गंभीर बताई गई. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया.
अस्पताल पहुंचे परिजन, स्कूल प्रबंधन पर लगाए आरोप
बच्चों के घायल होने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में अभिभावक रेफरल अस्पताल पहुंच गए. उन्होंने आरोप लगाया कि मैजिक में उसकी क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर स्कूल लाया-ले जाया जा रहा था, जिससे बच्चों की सुरक्षा खतरे में पड़ रही थी. परिजनों ने इस घटना को स्कूल प्रबंधन की गंभीर लापरवाही बताते हुए जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की.
पटना में फायर सेफ्टी जांच तेज, खान ग्लोबल समेत 106 कोचिंग संस्थानों को नोटिस, यहां देखें लिस्ट
पुलिस हर पहलू की कर रही जांच
घटना की जानकारी मिलते ही कुटुंबा थानाध्यक्ष इमरान आलम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की पड़ताल की जा रही है. इस हादसे के बाद निजी स्कूल वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था और ओवरलोडिंग को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं.
इसे भी पढ़ें-भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में बड़ी कार्रवाई, मां की अर्जी पर SDPO-थानेदार समेत 5 पुलिसकर्मियों पर केस

