Bihar Liquor Ban: बिहार में लागू शराबबंदी कानून के बीच एक बार फिर पुलिसकर्मियों की भूमिका पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है. गोपालगंज में वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक लग्जरी कार से भारी मात्रा में शराब बरामद की है, साथ ही दो पुलिसकर्मियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया है. बरामद शराब की मात्रा 300 लीटर से अधिक बताई जा रही है.
जांच के दौरान पकड़ी गई संदिग्ध कार
गोपालगंज थाना पुलिस नियमित वाहन जांच अभियान चला रही थी. इसी दौरान एक संदिग्ध लग्जरी कार को रोका गया. तलाशी लेने पर कार के अंदर शराब की बड़ी खेप मिली. मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने जब सवार लोगों की पहचान की तो पता चला कि दोनों ही पुलिस विभाग से जुड़े हुए हैं, जिसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया.
दोनों पुलिसकर्मियों की पहचान सामने आई
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल कुमार और अमित कुमार के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार राहुल कुमार टेक्निकल सेल में कार्यरत था, जबकि अमित कुमार एक जनप्रतिनिधि के बॉडीगार्ड के तौर पर तैनात था. दोनों से प्रारंभिक पूछताछ की गई है और आगे की जांच जारी है.
यूपी से शराब लेकर लौटने का आरोप
दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश की ओर गए थे और वहां से शराब की खेप लेकर बिहार लौट रहे थे. इसी दौरान गोपालगंज क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान उन्हें पकड़ लिया गया. कार से करीब 37 कार्टन शराब बरामद की गई है.
नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
इस मामले में पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि शराब की यह खेप कहां पहुंचाई जानी थी और इसके पीछे कौन सा नेटवर्क सक्रिय है. जांच टीम अन्य संभावित कड़ियों को भी खंगाल रही है.
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
गोपालगंज में शराब तस्करी से जुड़े मामलों में पुलिसकर्मियों की संलिप्तता पहले भी सामने आती रही है. इससे पहले भी एक थानाध्यक्ष पर कार्रवाई हो चुकी है. ऐसे में यह मामला पुलिस विभाग के भीतर निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठा रहा है.
इसे भी पढ़ें-दानापुर में चोरों ने काटा सिग्नल केबल, दिल्ली-हावड़ा मुख्य लाइन पर घंटों प्रभावित रहीं ट्रेनें
इसे भी पढ़ें-पटना में बनेगा फाइव स्टार ताज होटल, बांकीपुर बस स्टैंड को किया जाएगा शिफ्ट; पर्यटन मंत्री ने क्या कहा?

