Bank Strike : यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के बैनर तले प्रस्तावित अखिल भारतीय बैंक हड़ताल को लेकर बैंक कर्मियों ने आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है. यूनाइटेड फोरम के संयोजक अरविंद कुमार राम ने कहा कि 28, 29 और 30 सितंबर 2026 को होने वाली हड़ताल को सफल बनाने के लिए बैंक कर्मी पूरी तरह तैयार हैं.
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और आरबीआई की ओर से 27 सितंबर को रविवार के दिन बैंक खोलने का फैसला आंदोलन को कमजोर करने का प्रयास है. उन्होंने कहा कि बैंक कर्मी अपनी मांगों को लेकर अंतिम दम तक संघर्ष करने के लिए संकल्पित हैं.
भागलपुर की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
Bank Strike : पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करने की मांग
अरविंद कुमार राम ने कहा कि बैंक कर्मियों की प्रमुख मांगों में पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करना शामिल है. उन्होंने कहा कि अभी महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को ही बैंक बंद रहते हैं और बैंक कर्मी केवल बाकी दो शनिवार की छुट्टी की मांग कर रहे हैं.
उन्होंने कहा कि आरबीआई, नाबार्ड, एलआईसी, केंद्र सरकार के मंत्रालयों और कई अन्य संस्थानों में पांच दिवसीय कार्य प्रणाली लागू है. ऐसे में बैंकों में भी इसे लागू किया जाना चाहिए.
कर्मचारियों की कमी और काम के दबाव का उठाया मुद्दा
यूनाइटेड फोरम के संयोजक ने कहा कि सरकार अगर ग्राहकों को बेहतर बैंकिंग सेवा देना चाहती है तो बैंकों में पर्याप्त संख्या में कर्मचारियों और अधिकारियों की बहाली करनी चाहिए. उन्होंने आधारभूत सुविधाओं की कमी और लिंक फेल होने जैसी समस्याओं का भी मुद्दा उठाया.
उन्होंने कहा कि बैंक कर्मी कई बार निर्धारित समय के बाद भी देर शाम तक काम करते हैं. उनके अनुसार कर्मचारी और अधिकारी दबाव में काम कर रहे हैं, जिससे उनके स्वास्थ्य और पारिवारिक जीवन पर असर पड़ रहा है.
12वें द्विपक्षीय समझौते के लंबित मामलों के समाधान की मांग
अरविंद कुमार राम ने कहा कि बैंक कर्मियों की मांग है कि 12वें द्विपक्षीय समझौते के लंबित मामलों का समाधान जल्द किया जाए. उन्होंने कहा कि इन मांगों को लेकर आंदोलन जारी रहेगा.
उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार और आरबीआई की ओर से मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो अक्टूबर माह में 26 अक्टूबर से बैंक कर्मी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने के लिए बाध्य होंगे. इसकी जिम्मेदारी सरकार और आरबीआई की होगी.
28 से 30 सितंबर तक धरना कार्यक्रम
उन्होंने बताया कि 28, 29 और 30 सितंबर को हड़ताल के दौरान कुछ बैंक कर्मी शाखाओं में बैनर लगाकर धरना देंगे, जबकि अन्य साथी प्रशासनिक कार्यालयों के सामने प्रदर्शन करेंगे.
यह धरना कार्यक्रम सुबह 9:30 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक चलेगा. उन्होंने सभी साथियों से एक-दूसरे के संपर्क में रहने की अपील की.
इसे भी पढ़ें-



