इस खबर में क्या है?
Patna News : पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर रेल मंडल में मंगलवार सुबह हुई तोड़फोड़ की घटना से पटना-दिल्ली मुख्य रेलखंड पर ट्रेनों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हो गई. खगौल गुमटी के पास स्थित रेलवे के आरआरआई (रूट रिले इंटरलॉकिंग) कक्ष में घुसकर बदमाशों ने सिग्नल सिस्टम से जुड़े महत्वपूर्ण केबल को काट दिया, जिसके बाद कई ट्रेनों को रास्ते में रोकना पड़ा. भीषण गर्मी के बीच यात्रियों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ी.
रेलवे के तकनीकी कक्ष को बनाया निशाना
रेलवे सूत्रों के अनुसार, तड़के कुछ अज्ञात लोग खगौल गुमटी के पास बने तकनीकी कक्ष तक पहुंचे और वहां लगे ताले को तोड़कर अंदर घुस गए. इसके बाद सिग्नल संचालन में इस्तेमाल होने वाले अहम केबल को काट दिया गया. माना जा रहा है कि केबल के भीतर मौजूद तांबे के हिस्से को निकालने के इरादे से इस वारदात को अंजाम दिया गया.
जैसे ही केबल क्षतिग्रस्त हुआ, कंट्रोल पैनल में अलार्म बजने लगा. सूचना मिलते ही रेलवे कर्मचारी मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले. हालांकि बड़ी चोरी नहीं हो सकी, लेकिन सिग्नल सिस्टम पूरी तरह बाधित हो गया.
ट्रेनों की लंबी कतार, यात्री रहे परेशान
घटना के बाद सुबह से ही पटना-आरा-बक्सर रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हो गया. अप और डाउन दोनों लाइन पर कई ट्रेनें अलग-अलग स्टेशनों और हॉल्ट पर घंटों तक खड़ी रहीं.
प्रभावित ट्रेनों की स्थिति
- 13258 जनसाधारण एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से करीब साढ़े चार घंटे देर से दानापुर पहुंची.
- 15125 काशी-पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस को बिहटा स्टेशन पर लंबे समय तक रोके रखा गया, जिससे यात्रियों ने नाराजगी जताई.
- 20802 मगध एक्सप्रेस और 53212 सासाराम-पटना पैसेंजर को आरा स्टेशन पर रोकना पड़ा.
- 63232 डाउन बक्सर-पटना मेमू पाली हॉल्ट पर फंसी रही.
- 22362 डाउन एक्सप्रेस कुल्हड़िया के पास काफी देर तक रुकी रही.
- दानापुर-तिलैया सवारी गाड़ी (53232) निर्धारित समय से करीब तीन घंटे बाद रवाना हो सकी.
- 22354 बेंगलुरु-पटना हमसफर एक्सप्रेस भी लगभग तीन घंटे की देरी से पटना जंक्शन पहुंची.
मैनुअल सिग्नलिंग के सहारे चला परिचालन
सिग्नल और टेलीकॉम विभाग की तकनीकी टीम सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और केबल को दुरुस्त करने का काम शुरू किया. केबल बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण मरम्मत में कई घंटे लग गए.
इस दौरान सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रेनों का संचालन ‘पेपर मेमो’ यानी मैनुअल सिग्नलिंग व्यवस्था के जरिए किया गया. ट्रेनों को बेहद धीमी गति से पास कराया गया, जिससे देरी लगातार बढ़ती गई.
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
रेलवे के संवेदनशील तकनीकी कक्ष में इस तरह घुसपैठ और तोड़फोड़ की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
रेलवे पुलिस आसपास के इलाकों में संदिग्ध गतिविधियों की जांच कर रही है. कबाड़ दुकानों और पुराने अपराधियों के रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं. मामले में डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम की भी मदद ली जा रही है.
अधिकारियों ने क्या कहा?
दानापुर रेल मंडल के सीनियर डीसीएम अभिनव सिद्धार्थ ने बताया कि सिग्नल केबल क्षतिग्रस्त होने से कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ था. तकनीकी टीम ने लगातार काम कर दोपहर तक स्थिति सामान्य कर दी.
वहीं आरपीएफ के सीनियर कमांडेंट उदय सिंह पवार ने कहा कि घटना को गंभीरता से लिया गया है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी.
इसे भी पढ़ें-पटना के सरकारी स्कूलों में खेल मैदान योजना फेल! लाखों खर्च के बाद भी बदहाल हैं ग्राउंड
इसे भी पढ़ें-पटना में बनेगा फाइव स्टार ताज होटल, बांकीपुर बस स्टैंड को किया जाएगा शिफ्ट; पर्यटन मंत्री ने क्या कहा?

