Air India : मुंबई से बेंगलुरु के लिए रवाना हुई एयर इंडिया की एक फ्लाइट गुरुवार तड़के अचानक तकनीकी समस्या का शिकार हो गई, जिससे विमान में सवार यात्रियों के बीच कुछ देर के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया. स्थिति तब गंभीर हो गई जब पायलट को उड़ान के दौरान ‘PAN PAN’ कॉल जारी करनी पड़ी. हालांकि राहत की बात यह रही कि पायलट ने तेजी और सूझबूझ से फैसला लेते हुए विमान को वापस मुंबई एयरपोर्ट लाकर सुरक्षित उतार दिया.
इस पूरी घटना में विमान में सवार सभी 47 यात्री सुरक्षित बताए गए हैं. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद विमान के एक इंजन में खराबी सामने आई, जिसके बाद एहतियातन तुरंत वापसी का निर्णय लिया गया.
टेक-ऑफ के तुरंत बाद सामने आई तकनीकी दिक्कत
मिली जानकारी के अनुसार एयर इंडिया की फ्लाइट AI 2812 मुंबई से अपने तय समय 2:05 बजे की जगह करीब 2:15 बजे रवाना हुई थी. लेकिन उड़ान शुरू होने के कुछ ही समय बाद विमान में तकनीकी खराबी के संकेत मिलने लगे. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टेक-ऑफ के दौरान विमान से तेज आवाज सुनाई दी और चिंगारियां भी नजर आईं. इसके बाद कॉकपिट में स्थिति का आकलन करते हुए पायलट ने बिना देर किए ‘PAN PAN’ कॉल जारी की.
एयर ट्रैफिक कंट्रोल को सूचना देने के बाद विमान को तत्काल वापस मुंबई की ओर मोड़ा गया. करीब 2:35 बजे विमान की सुरक्षित लैंडिंग करा ली गई. बाद में एयर इंडिया के अधिकारियों ने बताया कि विमान के दूसरे इंजन में खराबी आई थी और वह हवा में ही बंद हो गया था.
पायलट की सतर्कता से टला बड़ा खतरा
घटना के बाद सामने आई जानकारी के अनुसार, तकनीकी दिक्कत अचानक आई थी, लेकिन पायलट ने हालात को तेजी से संभाल लिया. विमान को नियंत्रित रखते हुए सुरक्षित तरीके से एयरपोर्ट तक वापस लाना इस पूरी घटना का सबसे अहम हिस्सा रहा. इसी वजह से संभावित खतरा टल गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया.
विमान में मौजूद यात्रियों के लिए यह अनुभव बेहद चिंताजनक रहा, लेकिन लैंडिंग के बाद राहत की सांस ली गई. फिलहाल तकनीकी टीम विमान की जांच में जुटी है और यह पता लगाया जा रहा है कि इंजन में खराबी की असली वजह क्या थी.
क्या होता है PAN PAN कॉल, क्यों होता है इस्तेमाल?
एविएशन की भाषा में ‘PAN PAN’ एक खास रेडियो सिग्नल होता है, जिसका इस्तेमाल तब किया जाता है जब विमान में कोई गंभीर तकनीकी या परिचालन समस्या आ जाए, लेकिन स्थिति तुरंत जानलेवा न हो. यह शब्द फ्रेंच भाषा के “panne” से लिया गया है, जिसका अर्थ तकनीकी खराबी या खराब होना होता है. जब पायलट PAN PAN कॉल देता है, तो उसका मतलब होता है कि विमान को तत्काल प्राथमिकता और सहायता की जरूरत है.
यह कॉल एयर ट्रैफिक कंट्रोल को अलर्ट कर देती है ताकि संबंधित उड़ान को सुरक्षित तरीके से संभाला जा सके. इसे ‘Mayday’ कॉल से कम गंभीर माना जाता है, क्योंकि Mayday का उपयोग तब किया जाता है जब यात्रियों या क्रू की जान पर सीधा और तत्काल खतरा हो.
इसे भी पढ़ें-असम में चुनावी दहाड़, पीएम मोदी बोले- कांग्रेस हारने का रिकॉर्ड बनाने जा रही

