भागलपुर : जिले के छह प्रखंडों में उच्च शिक्षा का दायरा बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल होने जा रही है. एक जुलाई से नये डिग्री कॉलेजों में शैक्षणिक गतिविधियां शुरू करने की तैयारी चल रही है. इसके लिए जिला प्रशासन आधारभूत सुविधाओं के विकास और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने में जुटा हुआ है. छात्रों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए कॉलेज परिसरों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की भी योजना बनायी गयी है.
कॉलेजों में उपलब्ध करायी जाएंगी आधुनिक सुविधाएं
प्रशासनिक स्तर पर नये कॉलेजों को आवश्यक शैक्षणिक और तकनीकी संसाधनों से सुसज्जित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है. विद्यार्थियों के बैठने की व्यवस्था के लिए बेंच-डेस्क, कंप्यूटर लैब के लिए कंप्यूटर, कक्षाओं में पंखे, कूलर और एयर कंडीशनर समेत कुल 45 प्रकार की आवश्यक सामग्रियों की खरीद की जायेगी. इन सभी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के लिए एजेंसी चयन की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गयी है.
19 जून को होगी निविदा प्रक्रिया
जिला शिक्षा पदाधिकारी राजकुमार शर्मा के अनुसार, इच्छुक एजेंसियां 19 जून को दोपहर दो बजे तक जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय में आवेदन जमा कर सकती हैं. प्राप्त आवेदनों के आधार पर उसी दिन दोपहर तीन बजे समीक्षा भवन में निविदा खोली जायेगी और आगे की प्रक्रिया पूरी की जायेगी.
इन प्रखंडों को मिलेगा नये कॉलेज का लाभ
विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से इन संस्थानों के लिए प्राचार्यों और शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति पहले ही कर दी गयी है, ताकि निर्धारित समय पर कक्षाओं का संचालन शुरू हो सके. नये डिग्री कॉलेज रंगरा चौक, गोराडीह, गोपालपुर, खरीक, इस्माइलपुर और पीरपैंती प्रखंडों में संचालित किये जायेंगे.
ग्रामीण छात्रों को मिलेगा सीधा फायदा
इन कॉलेजों के शुरू होने से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा. स्थानीय स्तर पर ही स्नातक शिक्षा की सुविधा उपलब्ध होने से छात्रों का समय और खर्च दोनों बचेंगे तथा उच्च शिक्षा तक उनकी पहुंच और आसान होगी.
इसे भी पढ़ें-

