इस खबर में क्या है?
Bhagalpur Nagar Nigam Strike: भागलपुर नगर निगम के कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल का असर पहले ही दिन शहर की कई जरूरी सेवाओं पर दिखने लगा. तीन सूत्री मांगों के समर्थन में गुरुवार से शुरू हुई हड़ताल के कारण निगम कार्यालय का कामकाज प्रभावित रहा. जलापूर्ति, सफाई व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यों के साथ प्रस्तावित सामान्य बोर्ड बैठक भी प्रभावित हुई.
धरने पर बैठे कर्मचारी, बिना काम लौटे लोग
बिहार लोकल बॉडीज कर्मचारी संयुक्त संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर नगर निगम कर्मचारी महासंघ के बैनर तले विभिन्न विभागों के कर्मचारी हड़ताल पर चले गए. कर्मचारी निगम परिसर में धरने पर बैठे रहे, जिसके कारण कार्यालय पहुंचे लोगों को कई जरूरी काम कराए बिना लौटना पड़ा.
भागलपुर में 3 साल के मासूम की हत्या, परिवार के साथ सो रहा था बच्चा; झाड़ी में बोरे से मिला शव
बोर्ड बैठक भी करनी पड़ी स्थगित
कर्मचारियों की हड़ताल का असर नगर निगम की प्रस्तावित सामान्य बोर्ड बैठक पर भी पड़ा. कर्मचारियों के आंदोलन के कारण बैठक स्थगित कर दी गई, जिससे कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा नहीं हो सकी.
Bhagalpur Nagar Nigam Strike: जलापूर्ति पर असर, कई इलाकों में बढ़ी परेशानी
हड़ताल की वजह से नगर निगम की बोरिंगों से होने वाली जलापूर्ति प्रभावित रही. इससे कई इलाकों के लोगों को पानी की समस्या का सामना करना पड़ा. हालांकि बरारी वाटर वर्क्स से सुबह की जलापूर्ति पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रही, जिससे कुछ क्षेत्रों को राहत मिली.
सफाई व्यवस्था भी हुई प्रभावित
नगर निगम के स्थायी सफाई कर्मियों ने भी हड़ताल में हिस्सा लिया, जिससे शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित हुई. हालांकि कई वार्डों में कार्यरत अस्थायी सफाई कर्मियों ने नियमित रूप से सफाई का काम जारी रखा. इसके बावजूद कई स्थानों पर कचरा उठाव और नियमित सफाई कार्य प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है.
मांगें पूरी होने तक जारी रहेगी हड़ताल
नगर निगम कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष विकास कुमार हरि ने कहा कि कर्मचारियों की तीन सूत्री मांगों को लेकर लंबे समय से सरकार और प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया जा रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया. उन्होंने कहा कि जब तक मांगों पर सकारात्मक फैसला नहीं होता, तब तक अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी. कर्मचारियों ने आंदोलन को और तेज करने की भी चेतावनी दी है.
लंबी चली हड़ताल तो बढ़ेंगी मुश्किलें
यदि हड़ताल लंबे समय तक जारी रही तो जलापूर्ति, सफाई, कर संग्रह, जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र, भवन संबंधी कार्य समेत नगर निगम की अन्य नागरिक सेवाएं भी व्यापक रूप से प्रभावित हो सकती हैं. ऐसे में अब शहरवासियों की नजर प्रशासन और कर्मचारी संगठनों के बीच संभावित वार्ता पर टिकी हुई है.
इसे भी पढ़ें-


