इस खबर में क्या है?
Bihar Heli Tourism: बिहार में पर्यटन को नई उड़ान देने की तैयारी शुरू हो गई है. अब पर्यटक सिर्फ सड़क या रेल मार्ग से ही नहीं, बल्कि हेलीकॉप्टर से भी राज्य के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों का दीदार कर सकेंगे. राज्य सरकार ने पहले चरण में राजगीर, वाल्मीकिनगर और कैमूर स्थित मां मुंडेश्वरी मंदिर को हेली टूरिज्म सेवा से जोड़ने का फैसला किया है. बुधवार को हुई मंत्रिमंडल की बैठक में इस योजना को मंजूरी दे दी गई.
सरकार इस योजना के लिए हेलीकॉप्टर किराये पर लेगी. इसके लिए 3 करोड़ 30 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं. हेलीकॉप्टर का मासिक किराया 60 लाख रुपये तय किया गया है. पहले चरण में इस सेवा का संचालन 15 जनवरी 2027 तक किया जाएगा.
बिहार में अब मंत्रियों को मिलेगी 37 लाख की सरकारी कार, देखें किसे क्या मिला
वीकेंड पर पर्यटकों को मिलेगा नया अनुभव
हेली टूरिज्म सेवा का संचालन हर शनिवार और रविवार को किया जाएगा. पर्यटक हेलीकॉप्टर से राजगीर की पहाड़ियों, वाल्मीकिनगर के जंगलों और देश के सबसे प्राचीन शक्तिपीठों में शामिल मां मुंडेश्वरी मंदिर का हवाई नजारा देख सकेंगे. सरकार को उम्मीद है कि इससे वीकेंड टूरिज्म को भी बढ़ावा मिलेगा.
सिविल विमानन विभाग संभालेगा जिम्मेदारी
योजना का संचालन सिविल विमानन विभाग करेगा. विभाग ने उड़ानों की रूपरेखा तैयार कर ली है. हेलीकॉप्टर उपलब्ध होते ही सेवा शुरू कर दी जाएगी. इसके लिए आवश्यक प्रशासनिक और तकनीकी तैयारियां की जा रही हैं.
पटना समेत बिहार के 34 जिलों में बारिश का अलर्ट, IMD ने जारी की नई चेतावनी
क्यों खास है यह योजना?
सरकार का मानना है कि हेली टूरिज्म शुरू होने से बिहार के पर्यटन उद्योग को नई पहचान मिलेगी. इससे देश-विदेश के पर्यटकों को कम समय में कई प्रमुख स्थलों तक पहुंचने का विकल्प मिलेगा. धार्मिक और इको-टूरिज्म दोनों को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है.
पटना में पहले से चल रही है जॉय राइड
राजधानी पटना में 18 जुलाई से हेलीकॉप्टर जॉय राइड सेवा पहले ही शुरू की जा चुकी है. करीब 10 मिनट की हवाई सैर के लिए 2,100 रुपये प्रति व्यक्ति किराया तय है. इस दौरान पर्यटक लगभग 1,200 फीट की ऊंचाई से गंगा नदी, जेपी गंगा पथ, तख्त श्री हरिमंदिर साहिब और शहर के अन्य प्रमुख स्थलों का हवाई दृश्य देख सकते हैं.
सफल रही योजना तो बढ़ेगा दायरा
सरकार पहले छह महीने तक इस योजना की समीक्षा करेगी. पर्यटकों की संख्या और प्रतिक्रिया के आधार पर भविष्य में बोधगया, वैशाली, विक्रमशिला और अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों को भी हेली टूरिज्म सेवा से जोड़ने पर विचार किया जाएगा.
इसे भी पढ़ें-



