Bhagalpur Nagar Nigam Strike: भागलपुर नगर निगम कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है. गुरुवार को आंदोलन का आठवें दिन रहा, लेकिन कर्मचारियों के बीच हड़ताल जल्द समाप्त होने की उम्मीद भी दिखाई दी. अब सबकी निगाहें महासंघ के अध्यक्ष की ओर से जारी होने वाले आधिकारिक पत्र पर टिकी हैं, जिसके बाद कामकाज दोबारा शुरू हो सकता है.
हड़ताल को मिला मेयर का साथ, सरकार तक पहुंचाई कर्मचारियों की आवाज
नगर निगम कर्मचारी संघ के स्थानीय अध्यक्ष विकास हरि ने बताया कि नगर विकास एवं आवास मंत्री के साथ महासंघ की वार्ता सकारात्मक रही है. बातचीत में कर्मचारियों की मांगों पर सहमति बनने के संकेत मिले हैं. उन्होंने कहा कि महासंघ के अध्यक्ष से भी बातचीत हो चुकी है और उनकी ओर से भरोसा दिलाया गया है कि हड़ताल समाप्त करने संबंधी पत्र शीघ्र जारी कर दिया जाएगा. पत्र मिलते ही स्थानीय स्तर पर भी आगे की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी.
हालांकि हड़ताल खत्म होने की उम्मीद के बीच गुरुवार को निगम परिसर में आंदोलन का स्वर पहले की तरह कायम रहा. कर्मचारी पूरे दिन धरना स्थल पर डटे रहे और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करते रहे. निगम परिसर में दिनभर कर्मचारियों और समर्थकों की आवाजाही से माहौल सक्रिय बना रहा.
भागलपुर सिटी में अब आवारा कुत्तों का होगा बंध्याकरण, एक कुत्ते पर 1550 रुपये खर्च करेगी नगर निगम
आंदोलन को समर्थन देने के लिए एक्टू के महासचिव गोपाल पासवान भी धरना स्थल पहुंचे. उन्होंने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि लंबे समय से लंबित मांगों का समाधान होना जरूरी है और कर्मचारियों की एकजुटता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है. उन्होंने आंदोलनरत कर्मियों का हौसला बढ़ाया और संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया.
सरकार और महासंघ के बीच बनी सहमति के बाद कर्मचारियों में अब हड़ताल समाप्त होने की उम्मीद बढ़ गई है. फिलहाल सभी की नजरें महासंघ की ओर से जारी होने वाले आधिकारिक पत्र पर टिकी हैं, जिसके बाद अनिश्चितकालीन हड़ताल पर औपचारिक विराम लग सकता है.
इसे भी पढ़ें-



