Abhijeet Dipke Protest : दिल्ली के जंतर मंतर पर चल रहे प्रदर्शन के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने 10 अक्टूबर को देशभर में विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है. इसी बीच पार्टी नेता अभिजीत दीपके की एक सोशल मीडिया पोस्ट ने राजनीतिक हलकों में हलचल बढ़ा दी है. उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को सीधे टैग करते हुए सरकार की कार्रवाई पर सवाल खड़ा किया और संकेत दिया कि नेताओं की गिरफ्तारी से आंदोलन को रोका नहीं जा सकेगा.
10 अक्टूबर पर देशव्यापी प्रदर्शन का ऐलान
विरोध की अगली बड़ी तारीख 10 अक्टूबर तय किए जाने के बाद CJP नेताओं के तेवर और आक्रामक हो गए हैं. पार्टी नेता सौरव दास ने एक्स पर दावा किया कि सरकार उन्हें, अभिजीत दीपके, आशुतोष, रत्ना और अन्य नेताओं को गिरफ्तार करने की तैयारी कर रही है.
यूपी से आंध्र प्रदेश तक हाहाकार, कहीं शहर डूबे तो कहीं पहाड़ धंसे; बिहार-झारखंड समेत कई राज्यों में अलर्ट
सौरव दास ने अपने संदेश में समर्थकों से कहा कि आंदोलन किसी एक नेता पर निर्भर नहीं होना चाहिए. उनका कहना था कि नेता जेल में हों या बाहर, विरोध जारी रहना चाहिए. उन्होंने खुद भी गिरफ्तारी और दूसरी मुश्किलों का सामना करने की बात कही और 10 अक्टूबर को देशभर में प्रदर्शन का आह्वान किया.
एक लाइन में दीपके ने दिया सरकार को जवाब
सौरव दास के इसी संदेश को अभिजीत दीपके ने आगे बढ़ाया. उन्होंने पोस्ट को कोट करते हुए लिखा, “कितनों को अरेस्ट करोगे. 10 अक्टूबर को पूरा देश आ रहा है.”
Kitno ko arrest karoge @AmitShah?10 Oct ko poora desh aa raha hai…
— Abhijeet Dipke (@abhijeet_dipke) October 4, 2026
दीपके ने इस पोस्ट में अमित शाह को टैग किया. यानी उनका संदेश सीधे केंद्र सरकार तक पहुंचाने की कोशिश की गई. उनकी पोस्ट का केंद्रीय सवाल यही था कि अगर आंदोलन से जुड़े नेताओं पर कार्रवाई होती है, तो क्या इससे विरोध रुक जाएगा?
छात्रों के मुद्दे को भी आंदोलन से जोड़ा
दीपके इससे पहले महाराष्ट्र के पुणे में छात्रों के प्रदर्शन में शामिल हो चुके हैं. 4 अक्टूबर को प्रदर्शनकारी छात्रों से मुलाकात के दौरान उन्होंने पेपर लीक के मुद्दे को उठाया. उनका आरोप था कि बार-बार पेपर लीक होने से छात्रों के भविष्य पर असर पड़ रहा है, जबकि सरकार इसे पर्याप्त गंभीरता से नहीं ले रही है.
उन्होंने CJP की ओर से छात्रों की मांगों का समर्थन किया और कहा कि MPSC के चेयरमैन के इस्तीफे तक छात्रों का आंदोलन जारी रहना चाहिए.
Pune, Maharashtra: Cockroach Janta Party (CJP) Founder Abhijeet Dipke says, "I have come here to meet protesting students. Their future is in question because there are continuous cases of paper leaks. The government is not serious about these leaks. CJP supports their demands, and till MPSC chairman resigns, this protest will continue."
— ANI (@ANI) October 4, 2026
चुनाव प्रक्रिया पर भी दीपके ने उठाए सवाल
अभिजीत दीपके ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर भी सवाल उठाए हैं. उन्होंने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और SIR प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग की है.
दीपके का आरोप है कि मौजूदा परिस्थितियों में निष्पक्ष चुनाव को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं. उन्होंने बीजेपी की चुनावी सफलता पर भी सवाल उठाते हुए दावा किया कि पार्टी ऐसे राज्यों में भी जीत दर्ज कर रही है, जहां कथित ‘मोदी लहर’ के दौरान उसे सफलता नहीं मिली थी.
दीपके के मुताबिक ज्ञानेश कुमार के पद से हटने और SIR पर रोक लगने के बाद ही यह आकलन किया जा सकेगा कि बीजेपी को वास्तव में कितनी सीटों पर जीत मिलती है.
#WATCH | Pune, Maharashtra: Cockroach Janta Party (CJP) Founder Abhijeet Dipke says, "I feel that until Gyanesh Kumar resigns and ensures free and fair elections, there is no point in participating in such polls, because the winner is already predetermined. The BJP is winning in states where it couldn’t even secure a victory during the peak of the ‘Modi wave’—and this is happening because of Gyanesh Kumar. Once Gyanesh Kumar leaves and the SIR freezes, only then will we know how many seats the BJP actually wins."
— ANI (@ANI) October 4, 2026
अब 10 अक्टूबर पर नजर
CJP नेताओं के बयानों के बाद 10 अक्टूबर का विरोध प्रदर्शन इस पूरे घटनाक्रम का अगला बड़ा पड़ाव बन गया है. एक तरफ नेताओं की संभावित गिरफ्तारी को लेकर आरोप लगाए जा रहे हैं, तो दूसरी ओर पार्टी की ओर से देशव्यापी प्रदर्शन को लेकर समर्थन जुटाने की कोशिश की जा रही है. ऐसे में अभिजीत दीपके का अमित शाह को टैग कर दिया गया संदेश आंदोलन को लेकर पार्टी के आक्रामक रुख को सामने रखता है.
इसे भी पढ़ें-



