JDU Meeting : बिहार विधान परिषद चुनाव में तीन सीटों पर मिली हार ने जनता दल यूनाइटेड (JDU) के भीतर संगठन और चुनावी रणनीति को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. चार सीटों पर हुए चुनाव में पार्टी सिर्फ पटना स्नातक सीट बचा सकी, जहां नीरज कुमार ने जीत दर्ज की. अब पार्टी नेतृत्व हार की वजह तलाशने और संगठन की कमजोरियों का हिसाब लेने की तैयारी में है. इसके लिए गुरुवार, 5 नवंबर को पटना स्थित जेडीयू कार्यालय में दोपहर 2 बजे समीक्षा बैठक बुलाई गई है.
राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा की मौजूदगी में होने वाली इस बैठक में चुनाव लड़ने वाले सभी उम्मीदवारों और संबंधित जिलों के अध्यक्षों को बुलाया गया है.
इसे भी पढ़ें-सिंगापुर से रोहिणी की वापसी के बाद RJD में नई जिम्मेदारी की चर्चा, लालू के बुलावे ने बढ़ाई हलचल
JDU Meeting : तीन सीटों पर हार का हिसाब लेंगे संजय झा और उमेश कुशवाहा
जेडीयू की इस समीक्षा बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा करेंगे. बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेता, चुनाव जीतने और हारने वाले सभी उम्मीदवारों के साथ संबंधित जिलों के अध्यक्ष शामिल होंगे.
जिला अध्यक्षों को चुनाव से जुड़ी अपनी रिपोर्ट के साथ पहुंचने को कहा गया है. पार्टी नेतृत्व हर सीट पर प्रदर्शन की समीक्षा करेगा. इस दौरान चुनाव प्रचार, संगठन की सक्रियता और स्थानीय स्तर पर सामने आई कमियों का आकलन किया जाएगा.
कहां हुई चूक, किन नेताओं की भूमिका पर उठेंगे सवाल?
तीन सीटों पर हार के बाद जेडीयू अब यह पता लगाना चाहती है कि चुनाव में संगठन अपेक्षा के मुताबिक काम क्यों नहीं कर सका. किन क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं की सक्रियता कमजोर रही और चुनावी रणनीति में कहां कमी रह गई, इन तमाम बिंदुओं पर मंथन होगा.
जिला अध्यक्षों की रिपोर्ट के आधार पर स्थानीय चुनावी माहौल, कार्यकर्ताओं की भूमिका और सहयोगी दलों के साथ तालमेल की स्थिति का आकलन किया जा सकता है. चुनाव के दौरान जिन इलाकों में पार्टी को अपेक्षित समर्थन नहीं मिला, वहां की वजह भी तलाशी जाएगी.
सारण शिक्षक और तिरहुत स्नातक सीट पर हार बनेगी बड़ा सवाल
सारण शिक्षक और तिरहुत स्नातक सीट पर जेडीयू उम्मीदवारों की हार पार्टी नेतृत्व के लिए चिंता का विषय है. इन दोनों सीटों के नतीजों पर विशेष चर्चा हो सकती है.
चुनाव के दौरान जेडीयू उम्मीदवारों की ओर से सहयोगी दलों के समर्थन को लेकर भी सवाल उठाए गए थे. ऐसे में समीक्षा बैठक में गठबंधन के भीतर तालमेल और सहयोगी दलों की भूमिका पर भी मंथन हो सकता है. पार्टी यह समझने की कोशिश करेगी कि आपसी समन्वय की कमी का चुनावी नतीजों पर कितना असर पड़ा.
नीरज कुमार की जीत के बावजूद पटना स्नातक सीट पर क्यों होगी चर्चा?
पटना स्नातक सीट पर नीरज कुमार ने जीत दर्ज कर जेडीयू की लाज बचाई, लेकिन इस सीट का चुनावी घटनाक्रम भी पार्टी के लिए परेशानी का विषय रहा. चुनाव के दौरान नीरज कुमार ने शिकायतें की थीं. वहीं, मोकामा विधायक अनंत सिंह ने खुले तौर पर उनके विरोध का ऐलान कर दिया था.
अनंत सिंह ने जेडीयू की बैठक में भी नीरज कुमार के पक्ष में वोट नहीं मांगने की बात कही थी. पार्टी ने इसे पार्टी विरोधी गतिविधि मानते हुए उन्हें छह साल के लिए निष्कासित कर दिया था. उनकी पत्नी नीलम देवी की सदस्यता भी वापस ले ली गई थी.
ऐसे में समीक्षा बैठक में पटना स्नातक सीट के पूरे घटनाक्रम पर भी चर्चा हो सकती है. पार्टी यह आकलन कर सकती है कि अंदरूनी विरोध का चुनावी माहौल और नतीजों पर क्या असर पड़ा.
इसे भी पढ़ें-दिल्ली में अब उतरेंगे प्रशांत किशोर, जन सुराज की राष्ट्रीय राजधानी में एंट्री की तैयारी
तीन सीटों पर हार के बाद संगठन को मजबूत करने की चुनौती
विधान परिषद चुनाव के नतीजों ने जेडीयू के सामने संगठनात्मक मजबूती और चुनावी रणनीति को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. चार में से तीन सीटों पर हार के बाद पार्टी अब अपनी कमियों को दूर करने की कोशिश में जुटी है.
5 नवंबर की समीक्षा बैठक में हार के कारणों की पड़ताल के साथ भविष्य की चुनावी रणनीति पर भी चर्चा होगी. अब देखना होगा कि पार्टी नेतृत्व इस हार के लिए किन कमियों को जिम्मेदार मानता है और संगठन में सुधार के लिए क्या कदम उठाता है.
इसे भी पढ़ें-



