Bhagalpur Flood Relief Camp: भागलपुर के पॉलिटेक्निक कॉलेज मैदान में संचालित बाढ़ राहत शिविर में रह रहे 380 बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच गुरुवार से राहत किट का वितरण शुरू कर दिया गया. जिला प्रशासन की ओर से प्रत्येक परिवार के सदस्यों की संख्या, आयु और आवश्यकता के अनुसार किट तैयार किए गए हैं, ताकि शिविर में रह रहे लोगों को दैनिक जीवन की जरूरी सामग्री एक साथ उपलब्ध हो सके. प्रशासन का कहना है कि पॉलिटेक्निक शिविर के बाद जिले के अन्य राहत शिविरों में भी इसी तरह राहत किट बांटे जाएंगे.
परिवार के हर सदस्य के लिए अलग व्यवस्था
अपर समाहर्ता (आपदा) कुंदन कुमार ने बताया कि शिविर में पंजीकृत सभी 380 परिवारों के लिए राहत किट तैयार किए गए हैं. बच्चों के लिए उनकी आयु और साइज के अनुसार कपड़े दिए जा रहे हैं. बालकों को हाफ पैंट और टी-शर्ट, जबकि बालिकाओं को स्कर्ट या फ्रॉक उपलब्ध कराया जा रहा है.
मालदा-आनंद विहार के बीच चलेगी फेस्टिव स्पेशल, भागलपुर समेत 9 स्टेशनों पर ठहराव
महिलाओं को साड़ी, साया और ब्लाउज तथा पुरुषों को लुंगी, गंजी और गमछा राहत सामग्री में शामिल किया गया है.
बर्तन से लेकर साबुन और तेल तक शामिल
राहत किट में केवल वस्त्र ही नहीं, बल्कि दैनिक उपयोग की कई आवश्यक वस्तुएं भी दी जा रही हैं. इसमें बर्तन, लोटा, गिलास, स्नान साबुन, कपड़े धोने का साबुन, सर्फ, सुगंधित केश तेल, कंघी, आईना समेत अन्य जरूरी सामग्री शामिल है.
3–4 दिन में तैयार हुए राहत किट
कुंदन कुमार ने बताया कि सभी राहत किट तैयार करने में लगभग तीन से चार दिन का समय लगा. गुरुवार से वितरण अभियान की शुरुआत की गई है और अगले चरण में जिले के अन्य राहत शिविरों में रह रहे बाढ़ प्रभावित परिवारों को भी इसी प्रकार राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी.
भागलपुर में बनेगा म्युनिसिपल कोर्ट, जानिए किन मामलों की होगी सुनवाई
राहत वितरण के दौरान जगदीशपुर के अंचलाधिकारी सतीश कुमार समेत अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी मौजूद रहे. वहीं आपदा मित्र हिमांशु कुमार, अमित कुमार, सनी मालदार, बंटी यादव, संजीव कुमार, सनोज पासवान और बाबूलाल शाह सहित अन्य सदस्य राहत कार्य में सक्रिय रहे.
इसे भी पढ़ें-



