Bhagalpur News : भागलपुर समाहरणालय स्थित समीक्षा भवन में सोमवार को जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर जनजातीय गरिमा उत्सव अंतर्गत जनभागीदारी अभियान का शुभारंभ किया. “सबसे दूर, सबसे पहले” थीम पर आधारित यह अभियान 18 से 25 मई 2026 तक जिले के जनजातीय बहुल क्षेत्रों में चलाया जाएगा.
62 जनजातीय गांवों में लगाए जाएंगे विशेष शिविर
अभियान के तहत पीरपैंती प्रखंड के 42 गांव, सन्हौला प्रखंड के 19 गांव और कहलगांव प्रखंड के एक गांव सहित कुल 62 जनजातीय बहुल गांवों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे. इन शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा.
सरकारी योजनाओं से जोड़े जाएंगे पात्र लाभुक
शिविरों में आधार कार्ड, आयुष्मान भारत कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, किसान सम्मान निधि योजना और स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड जैसी योजनाओं से पात्र लोगों को जोड़ा जाएगा. इसके अलावा मेडिकल कैंप के जरिए मुफ्त स्वास्थ्य जांच और उपचार की सुविधा भी दी जाएगी.
दूरदराज क्षेत्रों तक योजनाएं पहुंचाने पर जोर
इस मौके पर जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने कहा कि जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार की यह पहल समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक सरकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य उन दुर्गम क्षेत्रों तक प्रशासनिक सेवाएं पहुंचाना है, जहां अब तक योजनाओं का लाभ सीमित रूप से पहुंच पाया है.
अधिकारियों को दिए गए आवश्यक निर्देश
डीएम ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए सभी संबंधित विभागों और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए जा चुके हैं. शिविरों के माध्यम से योग्य लाभुकों को योजनाओं से जोड़ने के साथ-साथ जनजातीय समुदाय में जागरूकता फैलाने का भी काम किया जाएगा.
जनसुनवाई और जागरूकता कार्यक्रम भी होंगे आयोजित
अभियान के दौरान जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी जाएंगी और उनके त्वरित समाधान का प्रयास किया जाएगा. साथ ही जनजातीय संस्कृति, परंपरा और गौरवशाली विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे.
20 मई को निकलेगी सामुदायिक यात्रा
अभियान के तहत 20 मई 2026 को सभी 62 जनजातीय गांवों में सामुदायिक यात्रा निकाली जाएगी. इस दौरान अधिकारी, कर्मचारी और सहयोगी ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी लेंगे और समाधान की दिशा में पहल करेंगे.
इसे भी पढ़ें-भागलपुर में JLNMCH में सुरक्षा व्यवस्था पर संकट, गेट पर उतरे गार्ड्स ने ठप किया काम
इसे भी पढ़ें-भागलपुर में हीट वेव का अलर्ट, आज 40 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान
इसे भी पढ़ें-भागलपुर गंगा नदी में बड़ा हादसा टला, बीच धारा में इंजन फेल होने से नाव फंसी
इसे भी पढ़ें-झाझा के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर पर EOU की बड़ी कार्रवाई, पटना-जमुई समेत 4 ठिकानों पर छापेमारी
इसे भी पढ़ें-बिहार में बदलाव की तैयारी, सरकारी विभागों में अब सिर्फ चलेंगे इलेक्ट्रिक वाहन

