Jamui News : शहर के सुरेशपुरम स्थित चित्रगुप्त मंदिर में विभिन्न देवी-देवताओं की प्रतिमाओं की प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर गुरुवार को धार्मिक उत्साह और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला. महोत्सव के शुभारंभ पर भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं, युवतियों और श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया.
मंदिर परिसर से प्रारंभ हुई कलश यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी. श्रद्धालु महिसौड़ी, महाराजगंज, यूको बैंक चौक और कचहरी चौक समेत विभिन्न इलाकों से गुजरते हुए कल्याणपुर स्थित हनुमान घाट पहुंचे. यहां वैदिक विधि-विधान के अनुसार पुरोहितों ने मंत्रोच्चारण कर पवित्र जल भरवाया.
भक्ति गीतों और जयकारों से गूंजा नगर
पवित्र जल से भरे कलश सिर पर धारण कर महिलाएं और कन्याएं पुनः शोभायात्रा के रूप में मंदिर की ओर लौटीं. यात्रा के दौरान श्रद्धालु भजन और मंगल गीत गाते रहे, जबकि विभिन्न स्थानों पर लोगों ने पुष्पवर्षा और स्वागत कर धार्मिक आयोजन के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की. पूरे मार्ग में जयकारों और भक्ति संगीत से माहौल आध्यात्मिक रंग में रंगा रहा.
विभिन्न देवी-देवताओं की होगी प्राण-प्रतिष्ठा
आयोजन समिति एवं अखिल भारतीय कायस्थ महासभा से जुड़े ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल के निदेशक मनोज सिन्हा ने बताया कि मंदिर में भगवान शिव परिवार, राम दरबार, राधा-कृष्ण तथा मां दुर्गा की प्रतिमाओं की प्राण-प्रतिष्ठा के अवसर पर पांच दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया है. इस दौरान वैदिक अनुष्ठान, विशेष पूजन, भजन-कीर्तन और अन्य धार्मिक आयोजन संपन्न कराए जाएंगे.
श्रद्धालुओं में दिख रहा विशेष उत्साह
उन्होंने बताया कि महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रमों में भाग ले रहे हैं. कलश यात्रा के साथ धार्मिक अनुष्ठानों की औपचारिक शुरुआत हो चुकी है. आयोजन के माध्यम से धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक सौहार्द और सांस्कृतिक एकता का संदेश भी प्रसारित किया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें-

