Bhagalpur Road Accident : भागलपुर के पीरपैंती बाजार से रेलवे स्टेशन जाने वाली मुख्य सड़क पर गुरुवार देर शाम हुए भीषण सड़क हादसे में कार सवार छह लोग बुरी तरह फंस गए. हादसे के बाद मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों और स्थानीय युवाओं ने काफी मशक्कत के बाद सभी को वाहन से बाहर निकाला. इनमें एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हैं. मृतक की पहचान शैलेश कुमार के रूप में हुई है, जो पीरपैंती में निर्माणाधीन पावर प्लांट में मैकेनिक का काम करता था.
डीएम ने हरी झंडी दिखाकर निकाली जागरूकता रैली, 2 अक्टूबर तक चलेगा अभियान
घायलों में गोविंद कुमार, प्रमोद चौहान, राजकिशोर, राकेश झा और माधव शामिल हैं. सभी घायलों को पहले पीरपैंती रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया.
कार में बुरी तरह फंस गए थे सभी
पुलिस के अनुसार हादसा इतना जोरदार था कि कार सवार सभी लोग वाहन के अंदर फंस गए थे. दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद पीरपैंती पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय युवाओं की मदद से पुलिस ने एक-एक कर सभी लोगों को कार से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया.
इलाज के दौरान एक की मौत
अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने शैलेश कुमार को मृत घोषित कर दिया. हादसे में घायल पांच लोगों की हालत गंभीर बतायी गई, जिसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल भेजा गया.
पुलिस के अनुसार हादसे के वक्त कार शैलेश कुमार चला रहे थे. दुर्घटना के बाद वे भी वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गए थे. पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें बाहर निकाला गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी.
पुलिस ने सड़क से हटायी दुर्घटनाग्रस्त कार
हादसे के बाद सड़क पर कुछ देर तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को सड़क से हटाकर किनारे कराया, ताकि यातायात बाधित नहीं हो और जाम की स्थिति न बने. मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
इसे भी पढ़ें-



