Eastern Railway Safety : रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सतीश कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से क्षेत्रीय रेलों के महाप्रबंधकों, प्रधान विभागाध्यक्षों और मंडल रेल प्रबंधकों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की. बैठक में भारतीय रेल के सुरक्षा प्रदर्शन के साथ अन्य महत्वपूर्ण परिचालन संबंधी विषयों की समीक्षा की गयी. नई दिल्ली स्थित रेलवे बोर्ड मुख्यालय से श्री सतीश कुमार ने रेलवे बोर्ड के सदस्यों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक में हिस्सा लिया.
पूर्व रेलवे मुख्यालय, फेयरली प्लेस, कोलकाता से महाप्रबंधक गीतिका पाण्डेय ने अपर महाप्रबंधक और प्रधान विभागाध्यक्षों के साथ भाग लिया. मंडल रेल प्रबंधक और अन्य संबंधित वरिष्ठ अधिकारी भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में जुड़े.
व्यस्त ड्यूटी के बीच मानसिक सुकून की पहल, हॉस्पिटल में हुआ विशेष कार्यक्रम
पूर्व रेलवे के सुरक्षा प्रदर्शन की रिपोर्ट रखी
बैठक में गीतिका पाण्डेय ने पूर्व रेलवे के सुरक्षा प्रदर्शन और सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों की प्रगति की जानकारी दी. उन्होंने सुरक्षा प्रबंधन को मजबूत करने के लिए की जा रही विभिन्न पहलों को सामने रखा. इनमें सीसीटीवी निगरानी का विस्तार, समपार फाटकों को क्रमिक रूप से समाप्त करना और इंटरलॉकिंग व्यवस्था को मजबूत करना शामिल है.
इसके अलावा यांत्रिक लीवर फ्रेम और पैनल इंटरलॉकिंग प्रणालियों के प्रतिस्थापन एवं उन्नयन के जरिये सिग्नलिंग प्रणाली के आधुनिकीकरण पर भी जानकारी दी गयी.
दिल्ली-हावड़ा मार्ग पर कवच की प्रगति की समीक्षा
समीक्षा बैठक में भारतीय रेल की स्वदेशी ऑटोमैटिक ट्रेन प्रोटेक्शन प्रणाली कवच की प्रगति पर भी चर्चा हुई. खास तौर पर उच्च घनत्व वाले दिल्ली-हावड़ा मार्ग पर कवच के कार्यान्वयन की स्थिति की समीक्षा की गयी.
ट्रैक और पुल से जुड़े कार्यों पर भी चर्चा
पूर्व रेलवे में महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा विकास और यात्री सुविधाओं से जुड़े कार्यों की भी बैठक में समीक्षा की गयी. इसमें व्यापक ट्रैक अनुरक्षण, रोड ओवर ब्रिज और रोड अंडर ब्रिज की प्रगति शामिल रही.
चिन्हित सबवे और सीमित ऊंचाई वाले सबवे में जलभराव की समस्या के समाधान के लिए किये जा रहे इंजीनियरिंग उपायों पर भी चर्चा हुई.
समय पर काम पूरा करने और आधुनिक तकनीक पर जोर
रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सतीश कुमार ने विभिन्न सुरक्षा और बुनियादी ढांचा संबंधी कार्यों की प्रगति की समीक्षा की. उन्होंने इन महत्वपूर्ण कार्यों के व्यवस्थित क्रियान्वयन और निगरानी के प्रति पूर्व रेलवे के केंद्रित दृष्टिकोण की सराहना की.
उन्होंने सुरक्षा पर लगातार ध्यान देने, परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और रेलवे परिचालन को और मजबूत बनाने के लिए आधुनिक तकनीक अपनाने पर जोर दिया.
‘रेल परिचालन के प्रत्येक पहलू में सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता’
पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिबराम माझि ने कहा, “रेल परिचालन के प्रत्येक पहलू में सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है. पूर्व रेलवे सुरक्षा प्रणालियों को लगातार सुदृढ़ कर रहा है, कवच और आधुनिक सिग्नलिंग जैसी तकनीकी उन्नयन प्रक्रियाओं में तेजी ला रहा है तथा सुरक्षित, अधिक विश्वसनीय और यात्री-अनुकूल ट्रेन परिचालन सुनिश्चित करने के लिए बुनियादी ढांचे में सुधार कर रहा है.”
कोलकाता से सोमनाथ के लिए रवाना हुई विशेष ट्रेन, कब होंगे धार्मिक कार्यक्रम?
उन्होंने कहा कि रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी की समीक्षा और मार्गदर्शन से पूर्व रेलवे के सुरक्षित ट्रेन परिचालन, बेहतर विश्वसनीयता और उन्नत यात्री सेवाओं के प्रयासों को और मजबूती मिलेगी.
पूर्व रेलवे सुरक्षित, कुशल, समयबद्ध और यात्री-अनुकूल रेल प्रणाली उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है. रेलवे यात्रियों की बदलती अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए बुनियादी ढांचे के निरंतर उन्नयन और आधुनिक तकनीक को अपनाने की दिशा में कार्य कर रहा है.
इसे भी पढ़ें-



