इस खबर में क्या है?
Bhagalpur Nagar Nigam Strike Ends : नगर निगम कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल गुरुवार को आठवें दिन समाप्त हो गई. राज्य सरकार और कर्मचारी महासंघ के बीच हुई सकारात्मक वार्ता के बाद हड़ताल वापस लेने का फैसला लिया गया. आधिकारिक पत्र जारी होने के बाद कर्मचारी काम पर लौट गए हैं, जिससे शहर की सफाई व्यवस्था के पटरी पर लौटने की उम्मीद बढ़ गई है.
सरकार और महासंघ के बीच बनी सहमति
महासंघ के अध्यक्ष विकास हरि ने बताया कि नगर विकास एवं आवास मंत्री के साथ हुई वार्ता सकारात्मक रही. बैठक में कर्मचारियों की प्रमुख मांगों पर सहमति बनने के बाद हड़ताल को आधिकारिक तौर पर समाप्त करने का निर्णय लिया गया.
पैसेंजर ट्रेन के बैटरी बॉक्स से विदेशी व देसी शराब की बड़ी खेप बरामद
दंडात्मक कार्रवाई होगी वापस, ACP-MACP बहाल
नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव ने अधिसूचना जारी कर कहा है कि हड़ताल के दौरान सफाईकर्मियों के खिलाफ की गई दंडात्मक कार्रवाई वापस ली जाएगी. अनुपस्थित अवधि को देय अवकाश के रूप में समायोजित किया जाएगा. साथ ही नगर निकाय के नियमित कर्मचारियों को एसीपी (ACP) और एमएसीपी (MACP) का लाभ फिर से बहाल करने पर भी सहमति बनी है.
दैनिक वेतनभोगी कर्मियों को मिलेंगी कई नई सुविधाएं
बैठक में दैनिक पारिश्रमिक पर कार्यरत सफाईकर्मियों के लिए भी कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए. उन्हें संविदा कर्मियों की तर्ज पर एकमुश्त मासिक मानदेय, महंगाई के अनुरूप नियमित वृद्धि, प्रत्येक 10 वर्ष की सेवा पर मानदेय उत्क्रमण, उपार्जित अवकाश और प्रतिवर्ष 16 दिन का आकस्मिक अवकाश मिलेगा. महिला कर्मियों को हर महीने दो विशेष अवकाश और मातृत्व अवकाश का लाभ भी दिया जाएगा.
बीमा और ग्रेच्युटी का भी मिलेगा लाभ
सहमति के अनुसार सभी सफाईकर्मियों को चिकित्सा बीमा, दुर्घटना बीमा और जीवन बीमा का लाभ मिलेगा. सेवा पूरी होने के बाद उपादान (ग्रेच्युटी) का प्रावधान भी लागू किया जाएगा, जिससे कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा मजबूत होगी.
एक माह में रिपोर्ट देगी उच्चस्तरीय समिति
सरकार ने नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव अनिमेष पराशर की अध्यक्षता में एक समिति गठित करने का निर्णय लिया है. इसमें नगर आयुक्त, कार्यपालक पदाधिकारी, अन्य विभागीय अधिकारियों के साथ संयुक्त मोर्चा के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे. समिति एक माह के भीतर अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपेगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
आउटसोर्सिंग कर्मियों के हितों की भी होगी रक्षा
सरकार ने यह भी आश्वासन दिया है कि आउटसोर्सिंग एजेंसी बदलने की स्थिति में सफाईकर्मियों को यथासंभव कार्य पर बनाए रखा जाएगा. साथ ही उनके पारिश्रमिक में किसी प्रकार की कटौती नहीं होने दी जाएगी.
इसे भी पढ़ें-



