Bihar IPS Transfer : बिहार सरकार ने पुलिस प्रशासन में व्यापक स्तर पर बदलाव करते हुए 13 जिलों के पुलिस अधीक्षकों (एसपी) का तबादला कर दिया है. इसके साथ ही पटना के तीनों सिटी एसपी, गया के सिटी एवं ग्रामीण एसपी तथा भागलपुर के सिटी एसपी के पदों पर भी नए अधिकारियों की नियुक्ति की गई है. गृह विभाग की ओर से गुरुवार को इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई.
जारी आदेश के अनुसार, बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-5 में समादेष्टा के रूप में कार्यरत कुमार गौतम कुमार को पश्चिमी चंपारण का नया एसपी नियुक्त किया गया है. वहीं बांका के एसपी उपेंद्र नाथ वर्मा को औरंगाबाद की जिम्मेदारी सौंपी गई है. विशेष शाखा सुरक्षा में एसपी पद पर तैनात अमितेश कुमार अब बांका जिले के नए पुलिस कप्तान होंगे.
पूर्णिया, जहानाबाद और बगहा में नए चेहरे
पश्चिमी चंपारण के एसपी शौर्य सुमन को पूर्णिया का एसएसपी बनाया गया है. वहीं पूर्णिया की एसपी स्वीटी सेहरावत को विशेष शाखा भेजा गया है. गया के सिटी एसपी कोटा किरण कुमार को जहानाबाद का नया एसपी बनाया गया है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
जहानाबाद के एसपी अपराजित को बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-16 में समादेष्टा की जिम्मेदारी मिली है. इसी तरह बीएमपी-16 में तैनात राजेश कुमार को बगहा का एसपी बनाया गया है. बगहा के एसपी रामानंद कौशल को अपराध अनुसंधान विभाग में स्थानांतरित किया गया है.
सहरसा, वैशाली और कैमूर की कमान बदली
सहरसा के एसपी हिमांशु को शेखपुरा भेजा गया है. जबकि शेखपुरा के एसपी बलिराम चौधरी को विशेष शाखा में पदस्थापित किया गया है. वैशाली की कमान अब शुभांक मिश्रा संभालेंगे, जो इससे पहले शिवहर के एसपी थे.
वैशाली के एसपी विक्रम सिहाग को सहरसा का नया एसपी बनाया गया है. दूसरी ओर कटिहार के एसपी शिखर चौधरी को कैमूर भेजा गया है. कैमूर के एसपी हरिमोहन शुक्ला को बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-7 का समादेष्टा बनाया गया है.
भागलपुर और गया में भी नई नियुक्तियां
रोहतास जिले के डिहरी अनुमंडल में एसडीपीओ के रूप में कार्यरत अतुलेश झा को भागलपुर का सिटी एसपी बनाया गया है. वहीं पटना सदर के एसडीपीओ अभिनव को गया सिटी एसपी की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
पटना में विधि-व्यवस्था शाखा में तैनात दिव्यांजली जायसवाल को गया का ग्रामीण एसपी बनाया गया है. जबकि खगड़िया के गोगरी अनुमंडल में कार्यरत साक्षी कुमारी को दरभंगा ग्रामीण एसपी नियुक्त किया गया है.
पटना में तीनों सिटी एसपी बदले गए
राजधानी पटना में भी बड़े स्तर पर बदलाव किया गया है. सिटी एसपी पश्चिमी भानु प्रताप सिंह को खगड़िया का एसपी बनाया गया है. उनकी जगह तारापुर के एसडीपीओ संकेत कुमार को पटना सिटी एसपी पश्चिमी की जिम्मेदारी दी गई है.
सिटी एसपी पूर्वी परिचय कुमार को कटिहार का एसपी बनाया गया है. उनकी जगह हिलसा की एसडीपीओ शैलजा को पटना सिटी एसपी पूर्वी बनाया गया है.
वहीं बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-10 में तैनात ममता कल्याणी को पटना सिटी एसपी मध्य के पद पर नियुक्त किया गया है.
अन्य अधिकारियों को भी मिली नई जिम्मेदारी
अपर पुलिस अधीक्षक मनोज राम को नाथनगर सिपाही प्रशिक्षण विद्यालय का प्राचार्य बनाया गया है. बिहार पुलिस अकादमी, राजगीर में सहायक निदेशक के रूप में कार्यरत चंद्रप्रकाश को बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-10 का समादेष्टा नियुक्त किया गया है. साथ ही उन्हें साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई के एसपी का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है.
इसे भी पढ़ें-

