इस खबर में क्या है?
Bhagalpur News: भागलपुर के जोगसर थाना क्षेत्र में युवक के अपहरण का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार भी किया है. प्रारंभिक जांच में मामला पैसों के लेनदेन से जुड़ा बताया जा रहा है.
आदमपुर से बुलाकर किया गया अपहरण
पुलिस के अनुसार, आदमपुर सीएमएस के पास रहने वाले 22 वर्षीय अभिषेक कुमार को सोमवार को फोन कर बुलाया गया था. इसके बाद कुछ लोगों ने उसे अपने कब्जे में लेकर कोयलाघाट इलाके की ओर ले गए. युवक के परिजनों को जब इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी.
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर जोगसर थाना पुलिस ने तत्काल छापेमारी शुरू की. थानाध्यक्ष मंटू कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दियारा इलाके में कार्रवाई कर युवक को सुरक्षित बरामद कर लिया.
दो आरोपी गिरफ्तार, तीसरे की तलाश जारी
पुलिस ने मौके से कोयलाघाट निवासी संतोष कुमार उर्फ गारू यादव उर्फ छोटू यादव और मुंदीचक निवासी सूरज यादव को गिरफ्तार किया है. वहीं इस मामले में सन्नी यादव नामक युवक का भी नाम सामने आया है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.
पुलिस का कहना है कि घटना में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी को लेकर भी जांच जारी है.
पैसों के विवाद में सामने आया मामला
परिजनों के मुताबिक, अभिषेक के परिचित सन्नी यादव ने उससे वाहन खरीदने के नाम पर करीब साढ़े तीन लाख रुपये लिए थे. आरोप है कि सन्नी ने पहले किसी अन्य व्यक्ति से भी पैसे उधार लिए थे और बाद में अभिषेक से एक खाली स्टांप पेपर पर हस्ताक्षर करवा लिया गया.
इसके बाद कथित तौर पर संतोष यादव लगातार अभिषेक पर पैसे लौटाने का दबाव बना रहा था. परिवार का आरोप है कि कई बार धमकी भी दी गई थी.
सोमवार को अभिषेक को आदमपुर चौक बुलाकर जबरन अपने साथ ले जाया गया और उससे पैसों की मांग की जा रही थी. सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई कर युवक को छुड़ा लिया.
पुलिस कर रही आगे की जांच
जोगसर थाना पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है. गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है.
इसे भी पढ़ें-विक्रमशिला सेतु पर बनेगा बेली ब्रिज, BRO की टीम भागलपुर पहुंची, जल्द शुरू होगा काम
इसे भी पढ़ें-फेरी सेवा में बच्चों का किराया 25 और बड़ों का 50 रुपये, वाहनों के लिए भी दर तय
इसे भी पढ़ें-भागलपुर के नवगछिया में दिनदहाड़े फायरिंग, युवक को गोली मारकर अपराधी फरार
इसे भी पढ़ें-कोयला ढुलाई के साथ विकास भी दौड़ेगा, पीरपैंती में पावर प्लांट के लिए बनेगा 5KM रेल-सड़क कॉरिडोर

